सोमवार को रनियां और रसूलाबाद में अलग-अलग तीन सड़क हादसे हुए। रसूलाबाद में सात लोग घायल हुए। जबकि रनियां में ट्रक की टक्कर से कार काई बार जगह पर ही घूम गई। हालांकि कार में सवार पांच लोग बाल-बाल बच गए। सभी लखनऊ से झांसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
लखनऊ निवासी रवि कुशवाहा ने बताया कि वह रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए झांसी जा रहे थे। उनके साथ ही सुनील कुमार, राजू कुशवाहा, नागेश शर्मा और शिवा शर्मा थे। कार वह चला रहे थे। जैसे ही वह कार लेकर विसायकपुर गांव के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
इससे कार जगह पर ही कई बार चक्कर काटने लगी। फिर डिवाइडर से टकरा गई। गनीमत रही कि कार के एयर बैलून खुलने से किसी को खरोंच तक नहीं आई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कार को हटवाकर दूसरे साधन से उन्हें झांसी रवाना कर दिया। वहीं, रसूलाबाद के सिठमताना गांव के पास तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में टक्कर मारी दी।
इससे बाइक सवार रामू, उमाशंकर और लल्ला घायल हो गए। इसके अलावा बाइकों की भिड़ंत में मुकेश सिंह, देवी सिंह, हेमंत कुमार व निहाल शर्मा को चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने सभी को सीएचसी भर्ती कराया। वहां से उमाशंकर, हैलट रेफर कर दिया गया। जबकि निहाल का हाथ और मुकेश सिंह व हेमंत कुमार का पैर टूट गया। दोनों बाइक चालक हेलमेट लगाए थे।
-----------------