उरई। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा के समर्थक पर युवक को बंदूक के कुंदे से पीटने का आरोप सामने आया है। घायल युवक ने समर्थक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के वक्त विधायक भी मौके पर मौजूद थे। कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि फिलहाल घायल का मेडिकल कराकर आरोपी विधायक समर्थक के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है।
शहर के मोहल्ला रामनगर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी का मकान है। रविवार देर रात उनके घर के बाहर शादी समारोह चल रहा था। मोहल्ले के आकाश दीक्षित पुत्र अशोक दीक्षित का आरोप है कि समारोह के दौरान सदर विधायक के निजी गनर शिवा सोनी पुत्र रामबाबू सोनी निवासी मोहल्ला गांधीनगर उरई से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में शिवा ने गनर से गाली गलौज कर दी। बात बढ़ने पर शिवा ने लाइसेंसी बंदूक की बट आकाश के कान पर मार दी। इससे कान के पास से खून बहने लगा और आकाश वहीं गिर पड़ा। विवाद के बाद सदर विधायक समेत सभी भाजपाई वहां से निकल गए। लोगों ने आकाश को जिला अस्पताल पहुंचाया। आकाश की तहरीर पर पुलिस ने शिवा सोनी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में विधायक गौरीशंकर वर्मा का कहना है कि वह शादी समारोह में नहीं थे। शिवा के पास बंदूक भी नहीं थी। दोनों में कहीं रास्ते में कहासुनी हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।