मंगोलपुरी इलाके में सोमवार रात एक निजी बैंक के मैनेजर ने अपनी प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपना गुनाह छुपाने के लिए सड़क हादसे में घायल होने की बात कहकर पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन एक चश्मदीद ने पुलिस को घटना की सारी जानकारी दे दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता से पीछा छुड़ाना चाहता था।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात एक शख्स ने पुलिस को फोन कर बताया कि एक युवक वाई ब्लॉक के पास युवती की बेरहमी से पिटाई कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
पुलिस ने फोन करने वाले शख्स से बात की। उस शख्स ने बताया कि युवक आईटेन कार से युवती को घटनास्थल लाया था और उसकी पिटाई कर रहा था। बाद में अचेत होने पर वह युवती को कार में डालकर ले गया। उस शख्स ने कार का पीछा किया। युवती को लेकर युवक बालाजी अस्पताल पहुंचा। पुलिस बालाजी अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि युवती कोमा में है।
एचडीएफसी बैंक का मैनेजर और शादीशुदा है आरोपी
Murder
डॉक्टरों ने बताया कि युवक ने उन्हें सड़क हादसे की बात कहकर युवती को भर्ती कराया है। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में पता चला कि युवक का नाम नवीन कुमार (32) है और एचडीएफसी बैंक में बतौर मैनेजर कार्यरत है। वह शादीशुदा और एक बच्चे का पिता है तथा रोहिणी सेक्टर-16 में सपरिवार रहता है। नवीन ने पुलिस को बताया कि मृत युवती पून्य सागर (28) रोहिणी में रहती थी और उसके साथ बैंक में काम करती थी।
वहीं दोनों के बीच प्यार हो गया, लेकिन जब युवती को उसके शादीशुदा होने का पता चला, तो वह हंगामा करने के लिए उसके घर पहुंच गई। अपने परिवार वालों से बचाते हुए वह युवती को वाई ब्लॉक के पास लेकर आया और उसे समझाने की कोशिश की।
जब वह नहीं मानी, तो उसने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मंगोलपुरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।