फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इसूपुर खानपुर गांव के पास सोमवार की सुबह ट्यूशन पढऩे जा रही छात्रा पर चाकू से हमलाकर मनबढ़ों ने उसे घायल कर दिया। सिर, गर्दन और पेट में चाकू लगने से घायल हुई छात्रा को सीएचसी फूलपुर में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के संबंध में छात्रा की मां ने अपने गांव के तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दीदारगंज थाना क्षेत्र के मीरअहमदपुर गांव निवासी अंशू उर्फ अंजली (17) पुत्री राकेश कुमार इंटर की छात्रा है। सोमवार की सुबह अंशू अपने साइकल से ट्यूशन पढऩे जा रही थी। जैसे ही वह इसूपुर खानपुर गांव के पास पहुंची कि उसके गांव के शिवकुमार, रामपलट और रविंद्र पीछे से पहुंच गए और अंशू को रोक लिया और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। मनबढ़ों ने अंशू को चाकू सिर, गर्दन, सीना और पेट में घोप दिया। खून से लतपथ अंशू गिरकर तड़पने लगी जबकि आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में भर्ती कराई। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर घटना की सूचना मिलने पर अंशू के घर वाले भागकर अस्पताल पहुंचकर उसका हाल जाना। घटना के संबंध में अंशू की मां सुमन देवी ने फूलपुर कोतवाली में तहरीर देकर शिवकुमार, रामपलट और रविंद्र के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। सुमन ने पुलिस को बताया कि बीते गुरुवार को अंशू घर के पास हैंडपंप पर बर्तन धो रही थी। इस दौरान रविंद्र पहुंचा और हैंडपंप पर गंदा फावड़ा धोने लगा। अंशू ने जब विरोध किया तो रविंद्र सहित अन्य आरोपियों ने उसे मारपीटकर घायल कर दिया था। घटना के संबंध में दीदारगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई तो पुलिस ने रविंद्र सहित अन्य तीनों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। जमानत पर छूटने के बाद आरोपी अंशू को मारने की योजना बना रहे थे और सोमवार की सुबह घटना को अंजाम दे दिया। कोतवाल फूलपुर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।