हाईवे स्थित डेयरी में करंट से इलेक्ट्रिशियन की मौत
खुर्जा। हाईवे-91 स्थित एक डेयरी में करंट की चपेट में आने से इलेक्ट्रिशियन की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
डिबाई के मोहल्ला होली गेट निवासी हरपाल पुत्र सोहनपाल खुर्जा देहात क्षेत्र में हाईवे-91 पर स्थित एक दुग्ध डेयरी में इलेक्ट्रिशियन था। बताया गया कि मंगलवार को वह बिजली से संबंधी कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। अन्य कर्मियों ने देखा, तो उसे किसी तरह से बचाया। साथ ही उसे आननफानन में बुलंदशहर अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसओ देहात श्यौपाल सिंह ने बताया कि मामले में मृतक के परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अगर मामले में शिकायत मिलती है, तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो