चिकित्सक की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत
खुर्जा। निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव झमका निवासी भोला पुत्र विजयपाल ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी पत्नी गीता गर्भवती थी। 25 जून को तबीयत खराब होने पर वह एक निजी चिकित्सालय में उपचार के लिए ले गए। चिकित्सक ने खून की कमी बताते हुए उसे ब्लड भी चढ़ाया। उसके बाद छुट्टी दे दी। 27 जून को अचानक तबीयत बिगड़ने पर वह अपनी पत्नी को लेकर चिकित्सक के पास ले गया। जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पीड़ित ने बताया कि उसे शक है कि निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान लापरवाही की गई थी। इसके चलते उसकी पत्नी की मौत हो गई। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।