युवक की हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बुर्ज उस्मान में मोबाइल न देने पर युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आलाकत्ल तमंचा भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया।
बता दें कि 22 जून की रात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बुर्ज उस्मान निवासी नसीर(27) पुत्र मोहम्मद से फारूख ने मोबाइल मांगा। नसीर ने जब मोबाइल देने से मना कर दिया तो वह खफा होकर चला गया। उसके बाद दुबारा आकर फारूख ने नसीर को गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर उपचार के दौरान नसीर की मौत हो गई थी। मामले में मृतक के भाई वकील ने मोहल्ला कस्साबान निवासी फारुख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच-पड़ताल में आरोपी फारुख के अलावा वारदात को अंजाम देने में अनवार और मुस्तकीम का नाम भी सामने आया। पुलिस ने फारुख और अनवार को तो अगवाल बाईपास के पास से पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी फारुख से पता चला कि आरोपी मुस्तकीम का मृतक नसीर से झगड़ा हुआ था। उसके बाद तीनों ने मिलकर नसीर की हत्या कर दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी मुस्तकीम की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ़्तार कर लिया जाएगा।