थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव में स्थित कठवा पुल के पास रविवार की भोर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान निजामाबाद थाने की पुलिस ने 12 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूट की एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। बदमाश पर पर आजमगढ़ और अंबेडकरनगर जिले में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह 13 जून की भोर में तरवां पुलिस पर फायर कर भाग निकला था। गिरफ्तार बदमाश डी-16 गिरोह का सक्रिय सदस्य है।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश राहुल यादव पुत्र रामजनम यादव है। वह महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा जदीद (राधे का पूरा) गांव का निवासी है। प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद सुरेंद्रनाथ यादव रविवार की भोर में क्षेत्र भ्रमण कर रहे थे। जैसे ही गौसपुर गांव में स्थित कठवा पुल के समीप पहुंचे कि एक युवक बाइक से तेज रफ्तार से जाते हुए दिखा।
पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह फायर कर भागने लगा। वह कहीं घटना को अंजाम देने के लिए जा रहा था। वह 13 जून की भोर में तरवां थाना के नौरसिया गांव के पास पुलिस पर फायर कर फरार हो गया था। इसके गिरोह के मुखिया वैभव यादव उर्फ छोटू के पैर में गोली लगने की वजह से उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।