सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ करा लिया। पांचवें और आखिरी दिन तौहीद हृदोय की 82 रन की नाबाद पारी की मदद से मेजबान टीम ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 184 रन बनाए। खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी समाप्त करना पड़ा और मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया गया। हालांकि, वेस्टइंडीज ने पहला टेस्ट आठ विकेट से जीतने के कारण दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।
मैच में क्या-क्या हुआ?
369 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 40 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम (21) और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (14) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद तौहीद हृदोय और अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 135 रन की अहम साझेदारी कर वेस्टइंडीज की जीत की उम्मीदों को झटका दिया।
हृदोय ने 82 रन बनाए, जबकि मुशफिकुर रहीम 49 रन बनाकर आउट हुए। मुशफिकुर ने अपनी पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन भी पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बने। हृदोय को जोमेल वॉरिकन ने आउट किया। वॉरिकन ने दूसरी पारी में 44 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि शमर जोसेफ ने मुशफिकुर को पवेलियन भेजा। खेल समाप्त होने के समय लिटन दास सात और मेहदी हसन एक रन बनाकर क्रीज पर थे।
हृदोय ने रचा इतिहास, पहली पारी में जड़ा नाबाद दोहरा शतक
इस मुकाबले में तौहीद हृदोय ने अपने करियर की यादगार पारियों में से एक खेली। उन्होंने पहली पारी में 242 रन की नाबाद पारी खेलकर बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। इसके बाद दूसरी पारी में 82 रन बनाकर उन्होंने एक ही टेस्ट मैच में दोहरा शतक और अर्धशतक लगाने का कारनामा किया। वह ऐसा करने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बने।
हृदोय की 242 रन की पारी बांग्लादेश की ओर से टेस्ट क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है। उन्होंने मुशफिकुर रहीम के 219 रन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। उनकी पारी की बदौलत बांग्लादेश ने पहली पारी में 386 रन बनाए और वेस्टइंडीज पर 30 रन की बढ़त हासिल की। इससे पहले वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे। टीम के लिए आमिर जांगू ने 133 रन की शानदार पारी खेली, जबकि बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने छह विकेट लेकर 90 रन दिए।
दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने बनाए 398 रन
पहली पारी में 30 रन से पिछड़ने के बाद वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की। टीम ने पांचवें दिन तीन विकेट पर 345 रन से आगे खेलना शुरू किया और छह विकेट पर 398 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। केवम हॉज ने 142 रन की पारी खेली, जबकि आमिर जांगू 39 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले जांगू ने पहली पारी में भी 133 रन बनाए थे। बांग्लादेश की ओर से दूसरी पारी में तैजुल इस्लाम, नईम हसन और मेहदी हसन ने दो-दो विकेट हासिल किए। वेस्टइंडीज ने इस तरह बांग्लादेश के सामने 369 रन का लक्ष्य रखा, लेकिन मेजबान टीम मुकाबले को ड्रॉ कराने में सफल रही।
डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में वेस्टइंडीज आठवें स्थान पर
इस टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 की अंक तालिका में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। वेस्टइंडीज ने अपना डब्ल्यूटीसी चक्र पूरा कर लिया है। टीम 27.38 प्रतिशत अंकों के साथ नौ टीमों की तालिका में आठवें स्थान पर बनी हुई है। श्रीलंका 33.33 प्रतिशत अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।
दूसरे टेस्ट के ड्रॉ होने से बांग्लादेश के अंक प्रतिशत में भी गिरावट आई है। उसका पीसीटी 47.62 से घटकर 45.83 हो गया है। टीम पांचवें स्थान पर बनी हुई है और उसकी डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हुई है। अंक तालिका में न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर है। दक्षिण अफ्रीका 71.43 प्रतिशत के साथ दूसरे, ऑस्ट्रेलिया 61.23 प्रतिशत के साथ तीसरे और भारत 51.51 प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है।