फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला टीम का एलान: जेमिमा रोड्रिग्स की वापसी, अमनजोत कौर को भी मिला मौका

Mon, 09 Nov 2026 06:22 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए तीनों फॉर्मेट की टीम घोषित कर दी गई है। चोट से उबरकर जेमिमा रोड्रिग्स की टेस्ट, वनडे और टी20 टीम में वापसी हुई है, जबकि अमनजोत कौर को टी20 टीम में शामिल किया गया है। स्मृति मंधाना पहली बार टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी। भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा नौ से 30 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे।

विज्ञापन
जेमिमा रोड्रिग्स - फोटो : IANS/X/@BCCIWomen
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला टीम अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएगी। इस ऑल-फॉर्मेट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। चोट से उबरने के बाद बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स की तीनों फॉर्मेट की टीमों में वापसी हुई है। वहीं, तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अमनजोत कौर को टी20 टीम में शामिल किया गया है। वह भी पीठ की चोट से उबरकर टीम में लौटी हैं। भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा नौ से 30 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे।
विज्ञापन


चोट से उबरकर लौटीं जेमिमा और अमनजोत
जेमिमा रोड्रिग्स को द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट लगी थी। इसके कारण वह महिला एशिया कप, एशियन गेम्स में भारत के गोल्ड मेडल जीतने और जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू व्हाइट बॉल सीरीज में नहीं खेल सकी थीं। उन्होंने दो नवंबर को सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की। मुंबई की ओर से खेलते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ नाबाद 29 रन बनाए। इसके बाद दिल्ली के खिलाफ 58 रन की पारी खेली। वहीं, पुदुचेरी के खिलाफ 47 गेंदों में नाबाद 107 रन बनाकर अपनी शानदार फॉर्म का संकेत दिया। 

दूसरी ओर, अमनजोत कौर पीठ की चोट के कारण इस साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद से मैदान से बाहर थीं। उन्होंने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में पंजाब की ओर से वापसी की और अब भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने में सफल रही हैं। जेमिमा और अमनजोत की वापसी के चलते मिन्नू मणि और जिंतिमणि कलिता को टी20 टीम से बाहर किया गया है। हालांकि, जिंतिमणि को टेस्ट और वनडे टीम में जगह मिली है।
विज्ञापन


स्मृति मंधाना पहली बार करेंगी टेस्ट में कप्तानी
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर स्मृति मंधाना टेस्ट क्रिकेट में पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करती नजर आएंगी। वह तीनों फॉर्मेट में टीम की कमान संभालेंगी। दीप्ति शर्मा को एकमात्र टेस्ट के लिए उपकप्तान बनाया गया है। टेस्ट टीम से उमा छेत्री को बाहर रखा गया है, जबकि जिंतिमणि कलिता को मौका मिला है। बाकी टीम में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं।
Trending Videos

ऐसा रहेगा भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दौरे की शुरुआत नौ दिसंबर से गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगी। इसके बाद तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। टी20 सीरीज दोनों टीमों के लिए काफी अहम होगी। इसके जरिए भारत और दक्षिण अफ्रीका 2027 में होने वाली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों को अंतिम रूप देना चाहेंगे। इस टूर्नामेंट का आयोजन वडोदरा और मुंबई में होना है।
 

मैचों का पूरा कार्यक्रम

मैच

तारीख

मैदान

एकमात्र टेस्ट

9-12 दिसंबर

सेंट जॉर्ज पार्क, गकेबरहा

पहला वनडे

16 दिसंबर

बोलैंड पार्क, पार्ल

दूसरा वनडे

19 दिसंबर

न्यूलैंड्स, केपटाउन

तीसरा वनडे

22 दिसंबर

मंगाउंग ओवल, ब्लोमफोंटेन

पहला टी20

26 दिसंबर

विलोमूर पार्क, बेनोनी

दूसरा टी20

29 दिसंबर

सेनवेस पार्क, पोटचेफस्ट्रूम

तीसरा टी20

30 दिसंबर

सेनवेस पार्क, पोटचेफस्ट्रूम

विज्ञापन

तीनों फॉर्मेट के लिए भारतीय टीम
  • टेस्ट टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), श्री चरणी, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, जिंतिमणि कलिता और सायली सतघरे।
  • वनडे टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), श्री चरणी, वैश्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, जिंतिमणि कलिता और सायली सतघरे।
  • टी20 टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उपकप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, प्रेमा रावत, अमनजोत कौर, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और सायली सतघरे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें