धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह उन चुनिंदा क्रिकेटरों में से हैं जब वह आईपीएल में उतरते हैं तो प्रशंसकों में उत्साह का संचार हो जाता है और वह बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं।
फटाफट बल्लेबाजी में माहिर युवराज का आईपीएल में एक ख्वाब ऐसा भी रहा जो उनका टूर्नामेंट के पिछले 8 सालों में पूरा नहीं हो सका था।
इस बीच उन्हें आईपीएल में अलग-अलग टीमों के साथ खेलना पड़ा और किस्मत ऐसी कि वह जिस टीम से जुड़ते उसका ही प्रदर्शन गिर जाता। टूर्नामेंट के नौंवें संस्करण से पहले वह 4 अलग-अलग टीमों के साथ आईपीएल में उतरे, लेकिन उनके रहते कोई भी टीम फाइनल का मुंह नहीं देख सकी।
अब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने डेविड वार्नर की दमदार पारी के दम पर गुजरात लायंस को हराते हुए फाइनल के लिए टिकट कटा लिया है तो युवराज सिंह के ऊपर से अनलकी खिलाड़ी होने का दाग भी धुल गया ही है। डक्कन चार्जर्स से सनराइजर्स हैदराबाद बनी टीम जब रविवार को पहली बार आईपीएल फाइनल खेलने उतरेगी तो युवराज भी 9 साल के लंबे इंतजारी को खत्म करते हुए खिताबी मुकाबले में अपना दमखम दिखाने का सपना पूरा कर सकेंगे।