टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पंत आने वाले समय में भारतीय टीम का कप्तान बन सकते हैं। इतना ही नहीं, युवराज ने पंत की तुलना ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट से की। उन्होंने कहा कि पंत किसी भी वक्त मैच का रूख पलट सकते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में युवराज सिंह ने कहा, 'ऋषभ पंत एडम गिलक्रिस्ट जैसे हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं। गिलक्रिस्ट टेस्ट क्रिकेट में काफी बदलाव लेकर आए थे, मुझे लगता है कि पंत भी ऐसा ही कर सकते हैं।'
युवी ने आगे कहा, 'मैं ऋषभ पंत को भविष्य में भारत के कप्तान के तौर पर भी देखता हूं क्योंकि वह काफी हरफनमौला हैं। वो मैदान पर हंसते हुए अपना काम करते रहते हैं। मुझे लगता है कि उनका दिमाग भी काफी तेज है। मैंने देखा कि उन्होंने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की अगुवाई किस तरह से की। उन्होंने शानदार काम किया है। इसलिए लोगों को उसको भारत के भविष्य के कप्तान के तौर पर देखना चाहिए।'
बता दें कि पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स ने अच्छा प्रदर्शन किया है। आईपीएल 2021 के स्थगित होने तक दिल्ली कैपिटल्स आठ मैचों में छह जीत के साथ पहले स्थान पर है। 12 अंकों के साथ टीम फिलहाल अंकतालिका में पहले पायदान पर है। ऋषभ पंत ने पिछले कुछ समय में विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर टीम इंडिया के लिए अहम योगदान दिया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने वापसी की और बेहतरीन प्रदर्शन किया।