फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2020: कोरोना के खतरे के बीच हुआ IPL, UAE में खेली गई लीग की हर खास बात

Mon, 21 Dec 2020 04:16 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 9
IPL 2020 की झलकियां - फोटो : सोशल मीडिया
कोरोना महामारी और लॉकडाउन की वजह से दुनियाभर के खेल बुरी तरह से प्रभावित हुए। इसमें क्रिकेट जगत को भी बड़ा नुकसान हुआ। वहीं भारत की मशहूर टी-20 लीग आईपीएल के आयोजन को लेकर भी कई अड़चनें आई। 29 मार्च से भारत में शुरू होने वाली लीग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। हालांकि साल के अंत होने से पहले आईसीसी द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित किए जाने के बाद करोड़ों-अरबों रुपये वाली आईपीएल को आयोजन के लिए एक मौका और मिला। 

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने भी इस मौके को जाने नहीं दिया और भारत में बढ़ते कोरोना मामले को देखते हुए बीसीसीआई ने अमीरात क्रिकेट बोर्ड से संपर्क किया और वहां आयोजन के लिए तैयारी शुरू कर दी। वहीं मेडिकल स्टाफ, फ्रैंचाइजी, गवर्निंग कॉउंसिल, खिलाड़ी और आयोजकों ने 53 दिनों के आयोजन के लिए सहमति जता दी। इसके बाद बायो सिक्योर बबल (जैविक रूप से सुरक्षित माहौल) और तमाम सुरक्षा उपायों के बीच दर्शकों के बगैर खाली स्टेडियम में 19 सितंबर से यूएई में आईपीएल 2020 की शुरुआत हुई। ऐसे में आइए एक नजर डालते हैं इस साल के आईपीएल से जुड़े खास लम्हों पर।
विज्ञापन

2 of 9
एयरपोर्ट में राजस्थान रॉयल्स की टीम - फोटो : सोशल मीडिया
बायो बबल में आईपीएल:
कोरोना के खतरे के बीच इंग्लैंड में बायो सिक्योर बबल के बीच पहली अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आयोजन किया गया जो सफल साबित हुआ। इंग्लैंड ने तब सफलतापूर्वक वेस्टइंडीज की मेजबानी की। हालांकि इस नए तरीके में खिलाड़ियों और प्रशंसकों को कई तरह के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा। जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में क्रिकेट फैंस की स्टेडियम में एंट्री बंद हो गई। खिलाड़ियों का होटल से बाहर जाना मना हो गया। खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की कई स्तर पर मेडिकल जांच होने लगी, लेकिन इन सबके बीच क्रिकेट का खेल फिर से शुरू हो गया। यहीं से दुनिया को क्रिकेट शुरू करने का विचार आया, जिसे बीसीसीआई ने इस आईपीएल के दौरान लागू किया और खिलाड़ियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
विज्ञापन

3 of 9
चेन्नई सुपरकिंग्स - फोटो : सोशल मीडिया
चेन्नई पर मंडराया कोरोना वायरस का साया:
आईपीएल शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के दो खिलाड़ियों (रुतुराज गायकवाड और दीपक चाहर) समेत 13 सदस्य संक्रमित पाए गए। इसकी वजह से लीग की शुरुआत को लेकर संशय की स्थिति बन गई जबकि चेन्नई के उद्घाटन मुकाबले में खेलने को लेकर भी अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे। हालांकि सही जांच और सुरक्षा उपायों को अपनाने और सीएसके के अभ्यास सत्र में देरी के बाद टूर्नामेंट का आयोजन सफल तरीके से शुरू हुआ। 

4 of 9
चेन्नई सुपरकिंग्स - फोटो : ट्विटर @ChennaiIPL
CSK पहली बार प्लेऑफ तक नहीं पहुंचा: 
तीन बार की चैंपियन चेन्नई के लिए आईपीएल की शुरुआत किसी भी मायने में अच्छी नहीं रही और यही कारण रहा कि वह आखिरी तक जूझती नजर आई। टीम के खिलाड़ियों और सदस्यों के कोरोना संक्रमित होने के बाद उसके स्टार खिलाड़ी सुरेश रैना और हरभजन सिंह ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। यही नहीं ड्वेन ब्रावो जैसे स्टार ऑलराउंडर की चोट से टीम की मुश्किलें और बढ़ गई। इन सबसे टीम अंत तक उबर नहीं पाई और 14 में आठ लीग मुकाबले हारकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही। 
विज्ञापन

5 of 9
मुंबई इंडियंस - फोटो : PTI
मुंबई की पांचवीं जीत:
रोहित शर्मा की कप्तानी में कुछ बदलावों के साथ उतरी मुंबई इंडियंस की टीम का दबदबा पूरे टूर्नामेंट में बरकरार रहा। मुंबई ने 16 में से 11 मुकाबले जीते और अंक तालिका में शीर्ष पर रहने के साथ ही फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब पर कब्जा जमाया।
विज्ञापन

6 of 9
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर - फोटो : PTI
आरसीबी फिर लड़खड़ाई:
विराट कोहली की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम इस बार कई बड़े बदलावों के साथ जीत के इरादे से उतरी, लेकिन एक बार फिर से शुरुआत अच्छी करने के बाद टीम नॉकआउट स्टेज से पहले लड़खड़ा गई। लीग स्टेज में आखिर समय लगातार कई मुकाबले गंवाने के बाद टीम जैसे-तैसे चौथे स्थान पर रहने में सफल रही और प्लेऑफ राउंड में पहुंची। हालांकि एलिमिनेटर में एक बार फिर से टीम फिसड्डी साबित हुई और कमजोर मानी जा रही सनराइजर्स हैदराबाद से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
विज्ञापन

7 of 9
दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस - फोटो : ट्विटर @ipl
दिल्ली का पहला फाइनल:
रिकी पोंटिंग की कोचिंग और श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने जोरदार शुरुआत की। दिल्ली ने 14 में से आठ मुकाबले जीते और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही। पूरे टूर्नामेंट में टीम दूसरी टीमों पर भारी पड़ी हालांकि वह कभी भी मुंबई से पार नहीं पा पाई। दिल्ली पहली बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची और खिताब की दावेदारी जताई, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे मुंबई के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। 

8 of 9
रोहित शर्मा - फोटो : ट्विटर @mipaltan
रोहित शर्मा की चोट:
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छी रही तो वहीं अंत कई तरह के विवादों और अनिश्चितताओं के बीच खत्म हुआ। रोहित को लीग स्टेज के आखिरी कुछ मुकाबलों में मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत के बाद बाहर बैठना पड़ा। हालांकि उन्होंने नॉकआउट और फिर फाइनल मुकाबले में उतरकर सभी को चौंकाया। बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी उनके चोटिल होने की पुष्टि की। इस बीच चोट और फिटनेस का हवाला देकर ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए उनका चयन नहीं किया गया, जिसने एक नए विवाद को जन्म दिया।

आईपीएल खत्म होने के बाद रोहित ऑस्ट्रेलिया नहीं गए और भारत लौटकर राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी चले गए। उधर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज होने से पहले कप्तान विराट कोहली ने रोहित के बारे में कुछ भी नहीं मालूम होने की बात कर एक नए विवाद को जन्म दे दिया। बाद में बीसीसीआई ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि रोहित पूरी तरह से फिट नहीं हैं और पिता के कोरोना संक्रमित होने की वजह से वह स्वदेश लौटे थे। हालांकि रोहित को 11 दिसंबर को एनसीए ने फिट घोषित किया और वह ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन

9 of 9
टी नटराजन और एबी डीविलियर्स - फोटो : सोशल मीडिया
तेज गेंदबाज नटराजन का नाटकीय अंदाज में उदय:
भुवनेश्वर कुमार की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद ने तेज गेंदबाज टी नटराजन को मौका दिया। तमिलनाडु के इस गेंदबाज ने भी मौके को खूब भुनाया। अपनी यॉर्कर और डेथ ओवर में सटीक गेंदबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी। नटराजन ने पूरे टूर्नामेंट में बुमराह और रबाडा जैसे स्टार गेंदबाजों से भी अधिक करीब 60 यॉर्कर गेंदें फेंकी, उन्होंने नॉकआउट मुकाबले में एबी डीविलियर्स को अपनी खतरनाक यॉर्कर से बोल्ड कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। वह 16 विकेट के साथ हैदराबाद की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने। 

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले 29 वर्षीय गेंदबाज को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए नाटकीय अंदाज में नेट गेंदबाज के रूप में चुना गया। उन्हें वरुण चक्रवर्ती के चोटिल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए बुलाया गया। इसके बाद नवदीप सैनी के पीठ में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें आखिरी वनडे और फिर टी-20 सीरीज में शामिल किया गया, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें