बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का दूसरा संस्करण अगले साल फरवरी के दूसरे या तीसरे सप्ताह में होगा। यह दूसरा संस्करण एक ही शहर पर खेला जाएगा। पहला संस्करण भी एक ही शहर में आयोजित हुआ था। शाह डब्ल्यूपीएल समिति के संयोजक भी हैं। टूर्नामेंट के अगले सीजन के लिए नीलामी का आयोजन शनिवार (नौ दिसंबर) को मुंबई में हुआ।
जय शाह ने कहा, ''हमने फैसला किया है कि लीग का दूसरा संस्करण फरवरी में होगा। इस बार भी एक ही शहर में इसका आयोजन होगा। हमारे पास इसका आयोजन कराने के लिए कई स्थल मौजूद हैं जिसमें बंगलूरू, उत्तर प्रदेश, गुजरात शामिल है। जल्द ही इस पर फैसला किया जाएगा।''
नीलामी में सदरलैंड और काश्वी ने मारी बाजी
महिला प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन के लिए एनाबेल सदरलैंड और काश्वी गौतम सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। सदरलैंड को दिल्ली और काश्वी को गुजरात ने दो-दो करोड़ रुपये में खरीदा। वृंदा दिनेश को यूपी वॉरियर्स ने 1.3 करोड़, शबनिम इस्माइल को मुंबई ने 1.2 करोड़, फीबी लिचफील्ड को गुजरात ने एक करोड़ रुपये में खरीदा। ये पांचों इस ऑक्शन की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं।
30 खिलाड़ियों की चमकी किस्मत
इस ऑक्शन से पहले कुल 30 स्लॉट खाली थे और 165 में से 30 खिलाड़ी ही बिकीं। सभी टीमों के 18-18 खिलाड़ी पूरे हो चुके हैं। एक टीम में अधिकतम छह विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। गुजरात जायंट्स ने सबसे ज्यादा 10 खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने सबसे कम तीन खिलाड़ियों पर दांव खेला।