वर्ल्ड कप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को तीन विकेट से हराकर फाइनल में पहुंच गई। अब फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना भारत से होने वाला है। सेमीफइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद दक्षिण अफ्रीका के कोच रॉब वॉल्टर ने फाइनल मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि वह फाइनल मुकाबला नहीं देखेंगे। वॉल्टर ने कहा कि टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम, भारत के लिए रविवार को जीतना उचित होगा।
फाइनल नहीं देखेंगे वॉल्टर
इस पूरे टूर्नामेंट में भारत अजेय रहा है। लगातार 10 मुकाबले जीतते हुए भारत फाइनल में पहुंचा है। मेजबान टीम अब फाइनल मुकाबले में पांच बार वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने वाली है।
वॉल्टर ने कहा, 'सच कहूं तो मेरे फाइनल देखने का केवल एक प्रतिशत संभावना है। इससे भी कड़वी सच्चाई ये है कि मुझे फर्क नहीं पड़ता। लेकिन वर्ल्ड कप भारत में हो रहा है तो मेजबान टीम के लिए जीतना अहम है। ऑस्ट्रेलियाई चेंज रूम में मेरे कुछ अच्छे दोस्त हैं। इसलिए शायद उनके लिए खास कर कोच के लिए मेरे दिल में नरम स्थान है।'
उन्होंने आगे कहा, 'हम आखिरी बार यहां भारत के खिलाफ खेले थे तो जिस तरह से दर्शकों ने टीम के चारों ओर रैली की थी, और घरेलू मैदान पर विश्व कप जीतने की बड़ी उम्मीद और प्रेरणा को देखते हुए, मुझे लगता है कि भारत के लिए जीतना ही उचित होगा।'
डेविड मिलर टूर्नामेंट को लेकर कही ये बात
वॉल्टर ने आउट ऑफ फॉर्म चल रहे दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बवुमा के चयन का भी समर्थन किया। बवुमा 100 फीसदी फिट नहीं होने के बावजूद भी सेमीफाइनल में खेलने उतरे। पांचवीं बार सेमीफाइनल में हारने के बाद डेविड मिलर का मानना है कि ट्रॉफी हासिल करना केवल समय की बात है।
उन्होंने कहा, 'आप फाइनल में पहुंचना चाहते हैं और ट्रॉफी जीतना चाहते हैं। हम इसे लेकर खुश हैं। यह क्रिकेट का खेल है। टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले हमने केवल अच्छी यादें बनाने की बात की थी। हम कह सकते हैं कि हमने अच्छा समय बिताया है।'
संन्यास की बात करने पर मिलर ने कहा, 'मैं देखूंगा कि कैसा चल रहा है। मैं इसका जवाब नहीं दूंगा कि मेरा शरीर अभी कैसा महसूस कर रहा है। मैं साल दर साल इसका आकलन करूंगा। अगला वर्ल्ड कप अभी दूर है।'
बवुमा के फिट न होने के बावजूद सेमीफाइनल में खेलने पर मिलर ने कप्तान का समर्थन करते हुए कहा, 'उन्हें जैसा रन चाहिए था, वैसा उन्हें नहीं मिला। लेकिन उन्होंने अपना 100 प्रतिशत दिया। वह जिस तरह के लीडर हैं, उन्होंने वनडे फॉर्मेट को दूसरे लेवल पर लेकर गए हैं।' उन्होंने कहा कि बवुमा ने रन नहीं मिले लेकिन उनके जैसा लीडर होना बहुत महत्वपूर्ण है। बवुमा ने वाकई में बहुत अच्छा काम किया।