टेस्ट मैच के अंतिम दिन वेस्टइंडीज ने 1 विकेट पर 49 रन से आगे खेलना शुरू किया। चौथे दिन के नाबाद बल्लेबाज क्रेग ब्रैथवेट और अल्जारी जोसेफ ज्यादा बड़ी पारियां नहीं खेल पाए। ब्रैथवेट 39 और जोसेफ 17 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद मध्यक्रम ने एक बार फिर निराश किया। नक्रमाह बोनर 2 और रोस्टन चेस बगैर खाता खोले आउट हुए।
इसके बाद जर्मेन ब्लैकवुड और कायल मेयर्स से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन ब्लैकवुड 25 और मेयर्स 32 रन ही बना पाए। लोअर मिडिल ऑर्डर में जेसन होल्डर ने 47 रनों की पारी खेलकर कुछ उम्मीद जताई लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। इस तरह वेस्टइंडीज की पूरी टीम 219 रन बनाकर आउट हो गई।
पाकिस्तान की तरफ से शानदार गेंदबाजी करते हुए शाहीन शाह अफरीदी ने दूसरी पारी में चार विकेट चटकाए। जबकि नौमान अली ने 3 और हसनी अली ने 2 खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई। पाकिस्तान को यह मुकाबला जिताने में शाहीन अफरीदी का खास योगदान रहा। उन्होंने इस मैच में कुल 10 विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। वैसे शाहीन ने इस पूरी टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी की जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से भी नवाजा गया।