क्रिस गेल, आंद्रे रसेल और ड्वेन ब्रावो
- फोटो : सोशल मीडिया
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए रविवार को अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में 35 साल के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को शामिल किया गया है। उनकी राष्ट्रीय टीम में दो साल बाद वापसी हुई है। इस कैरेबियाई हिटमैन ने अपना आखिरी टी20 मैच 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। रोवमन पॉवेल 13 दिसंबर से शुरू होकर 22 दिसंबर तक चलने वाली पांच मैचों की सीरीज में कैरेबियाई टीम की अगुआई करेंगे। विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप को उपकप्तान बनाया गया है।
रसेल कर सकते हैं विस्फोटक बल्लेबाजी
आंद्रे रसेल
- फोटो : IPL/BCCI
रसेल को दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक माना जाता है। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए रसेल ने कई बेहतरीन पारियां खेली हैं। इनमें 13 गेंद पर नाबाद 48 रन की पारी शामिल है। इसके अलावा 36 गेंद 88 रन आईपीएल में उनकी सबसे बेहतरीन पारियां में से एक है। कैरिबियाई प्रीमियर लीग में त्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए वह 40 गेंद में शतक लगा चुके हैं। तब उन्होंने 49 गेंद में 121 रन की नाबाद पारी खेली थी। जमैका तालवाज के खिलाफ उस मैच में रसेल ने हैट्रिक भी ली थी।
पूरन और होल्डर की भी वापसी
जेसन होल्डर और निकोलस पूरन
- फोटो : सोशल मीडिया
रसेल के अलावा निकोलस पूरन और जेसन होल्डर को 15 सदस्यीय टीम में रखा गया है, जिन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। वनडे सीरीज में तीन मैचों में चार विकेट चटकाने वाले गेंदबाजी ऑलराउंडर गुडाकेश मोती को भी पांच मैचों की टी20 सीरीज में शामिल किया गया है। दूसरी ओर रोमारियो शेफर्ड जिन्होंने 50 ओवर की सीरीज में पांच विकेट लिए थे, उन्हें भी टीम चार्ट में शामिल किया गया है।
वेस्टइंडीज की टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
टीम की घोषणा करते हुए क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुख्य चयनकर्ता डेसमंड हेन्स ने कहा कि यह वेस्टइंडीज और अमेरिका की सहमेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप 2024 विश्व कप से पहले साल की उनकी आखिरी टी20 सीरीज होगी। पहला टी20 मैच बारबाडोस में खेला जाएगा। जबकि, अगले दो मैच ग्रेनेडा में आयोजित किए जाएंगे। अंतिम दो मैच त्रिनिदाद में खेले जाएंगे।
वेस्टइंडीज टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम: रोवमन पॉवेल (कप्तान), शाई होप (उपकप्तान), रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील हुसैन, अल्जारी जोसेफ, ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, गुडकेश मोती, निकोलस पूरन, आंद्रे रसेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड।