कौन है हैरी सिंह?
हैरी भारत के पूर्व तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह सीनियर (आरपी सिंह सीनियर) के बेटे हैं। यह वो आरपी सिंह नहीं जो 2007 में भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे। आरपी सिंह सीनियर ने 80 के दशक में भारत के लिए खेला था। 1986 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो वनडे मैचों में वह टीम इंडिया के हिस्सा रहे थे।
हैरी सिंह का जन्म 16 जून 2004 को इंग्लैंड के लंकाशायर के ब्लैकबर्न में हुआ था। क्रिकेट में करियर समाप्त होने के बाद आरपी सिंह सीनियर यूके चले गए थे। उन्होंने लंकाशायर काउंटी क्लब और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के साथ कोचिंग असाइनमेंट लिया। आरपी सिंह सीनियर का जन्म लखनऊ में हुआ था। हालांकि, यूके जाने के बाद और बेटे के जन्म के बाद उन्होंने उसे वहीं क्रिकेट में आगे बढ़ाने का सोचा।
आरपी सिंह सीनियर बेटे के साथ
हैरी यूके में अपने क्रिकेट करियर में लगातार आगे बढ़ते रहे। उन्होंने इस साल की शुरुआत में लंकाशायर के लिए वन-डे कप में अपनी लिस्ट ए करियर की शुरुआत की। अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने के बावजूद सभी सात मैच खेले। लंकाशायर के साथ अपने पहले पेशेवर अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के बाद, हैरी ने खुलासा किया कि उन्होंने पहली बार चार साल की उम्र में बल्ला उठाया था।
उन्होंने कहा, 'मैंने चार साल की उम्र से क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। आठ साल की उम्र में लंकाशायर के पाथवे सिस्टम से जुड़ा और 15 साल की उम्र से लैंक्स अकादमी से जुड़ा हुआ हूं। हैरी ने जनवरी के अंत और फरवरी 2023 की शुरुआत में ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो अंडर 19 टेस्ट खेले। इसमें भले ही इंग्लैंड को 1-0 से हार मिली है, लेकिन हैरी ने पहले टेस्ट की पहली पारी में 67 रन बनाए थे। हैरी ने अब तक सात लिस्ट-ए मैच खेले हैं और 12.42 की औसत से 87 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 25 रन का रहा है। हालांकि, यह करियर की शुरुआती फेज है। इसके अलावा उन्होंने इतने ही लिस्ट-ए मैचों में दो विकेट भी लिए हैं।