फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो बल्लेबाजों ने जड़े 19 छक्के, बनाया एक रिकॉर्ड

Tue, 26 Aug 2014 05:24 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
कप्तान दिनेश रामदीन और ड्वेन ब्रॉवो की दमदार शतकीय पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने तीसरे वनडे में जीत के साथ बांग्लादेश पर क्लीन स्वीप कर दिया। पिछले 22 सालों में कैरेबियाई टीम ने तीसरी बार वनडे सीरीज पर क्लीन स्वीप करने का कारनामा किया है।
विज्ञापन


वेस्टइंडीज ने तीसरे वनडे में बांग्लादेश को 91 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही विंडीज ने 3 मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से जीत ली। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 338 रन बनाए। जिसके जवाब में मेहमान टीम महज 8 विकेट खोकर 247 रन ही बना सकी।

कैरेबियाई टीम की इस जीत में कप्तान दिनेश रामदीन (169) और ड्वेन ब्रॉवो (124) की शानदार शतकीय पारियों का अहम योगदान रहा। बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद लक्ष्य का बचाव करने उतरी विंडीज टीम के लिए रवि रामपाल ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और 10 ओवर में 2 मेडन के साथ 29 रन देकर 4 विकेट झटककर बांग्लादेश को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया।
विज्ञापन

दोनों बल्‍लेबाजों ने लगाए कुल 19 छक्के

3 मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मैच में पहले बल्‍लेबाजी करते हुए मेजबान विंडीज ने बेहद खराब शुरुआत की और 5 ओवर में ही 2 विकेट गंवा दिए। ओपनर लिडंल सिमंस और क्रिस गेल दोनों 6-6 रन बनाकर आउट हो गए। वनडे क्रिकेट में ऐसा पहली बार हुआ है जब कैरेबियाई टीम में दोनों ओपनर एक ही स्कोर पर आउट हुए हों।

इसके बाद कप्तान दिनेश रामदीन और ड्वेन ब्रॉवो ने तीसरे विकेट के लिए 258 रनों की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी की। वेस्ट इंडीज की ओर से वनडे क्रिकेट में किसी विकेट के लिए यह अब तक की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है।

इस साझेदारी के दम पर वेस्ट इंडीज की टीम 350 से ज्यादा के स्कोर की ओर बढ़ रही थी, लेकिन कीरोन पोलार्ड (10), डेरेन सैमी (10) और जेसन होल्डर (0) टीम के लिए ज्यादा योगदान नहीं कर सके और टीम साढ़े तीन सौ का आंकड़ा नहीं छू सकी।

वेस्ट इंडीज ने 45वें ओवर में ही 300 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था। लेकिन रामदीन के अलावा दूसरे छोर से विकेटों के पतन के कारण रन गति थोड़ा गिर गई और टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 338 रन बना पाया। रामदीन ने 121 गेंदों में 8 चौकों के अलावा 11 जोरदार छक्के भी लगाए। जबकि ब्रॉवो ने 7 चौके और 8 छक्के लगाए। रामदीन को ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
विज्ञापन

12 में से 9 गेंदबाजों को मिली सफलता

बड़े लक्ष्य के जवाब में बांग्लादेश को बेजोड़ शुरुआत की दरकार थी लेकिन टीम को पारी की पांचवीं ही गेंद पर पहला झटका लग गया जब अनामुल हक जेसन होल्डर की गेंद पर खाता खोले बगैर ही आउट हो गए। इसके बाद टीम को झटके लगते रहे, लेकिन बड़े लक्ष्य के जवाब में टीम कभी भी अपनी रन गति को तेज नहीं कर सकी।

मेहमान टीम की ओर से ‌कप्तान मुशफिकर रहीम ने सर्वाधिक 72 रन बनाए। जबकि ओपनर तमीम इकबाल ने 55 रनों का योगदान दिया।

कैरेबियाई टीम की कसी हुई गेंदबाजी के आगे बांग्लादेश के बल्‍लेबाज खुलकर नहीं खेल सके और टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। रवि रामपाल के 4 विकेटों ने बांग्ला टीम की हालत और खराब कर दी।

इस मैच में कुल 12 गेंदबाजों ने गेंदबाजी की, जिसमें सिर्फ 3 गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिली। विकेट लेने में सफल 9 गेंदबाजों में दोनों टीमों की ओर से एक-एक गेंदबाज ने 4-4 विकेट निकाले। जबकि बांग्लादेश की ओर से 3 और वेस्टइंडीज की ओर से 4 गेंदबाजों को 1-1 सफलता मिली।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें