युवी-रैना और भज्जी का वीडियो वायरल
दरअसल, विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का खिताब जीतने के बाद युवराज सिंह, सुरेश रैना और हरभजन सिंह को मजाकिया अंदाज में लंगड़ाते हुए जीत का जश्न मनाते देखा गया। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पर भारतीय पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी मानसी जोशी ने नाराजगी जताई है।
पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी ने जताई नाराजगी
मानसी का मानना है कि रैना-युवी और भज्जी दिव्यांगजनों का मजाक उड़ा रहे हैं। मानसी ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा, "आप जैसे क्रिकेट स्टार्स से जिम्मेदारी की उम्मीद की जाती है। प्लीज ऐसे लोगों का मजाक मत उड़ाइए जो दिव्यांग हैं। यह मजाक नहीं है।" मानसी ने इस वीडियो को अपमानजनक बताया।
हरभजन सिंह ने मांगी माफी
इस मामले पर विवाद बढ़ने के बाद हरभजन सिंह ने माफी मांगी। उन्होंने अपने इंस्टा हैंडल से इस वीडियो को डिलीट करते हुए साफ किया कि भारतीय खिलाड़ियों ने किसी को भी आहत करने की मंशा से यह वीडियो नहीं बनाई थी। उन्होंने लिखा, "हमने किसी को भी आहत करने की मंशा से ये वीडियो साझा नहीं की थी। हमने सिर्फ ये जाहिर किया था कि 15 दिन लगातार खेलने के बाद हमारा शरीर किस तरह से रिफ्लैक्ट कर रहा था। हमने किसी का अपमान नहीं किया, लेकिन किसी को लगता है कि हमने गलत किया तो इसके लिए मैं माफी मांगता हूं।"