फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WC: धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेलेंगे हार्दिक, इंग्लैंड से मैच के लिए लखनऊ में टीम से जुड़ेंगे

Fri, 20 Oct 2023 12:41 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

सार

29 अक्तूबर को इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले हार्दिक पांड्या लखनऊ में भारतीय टीम से जुड़ जाएंगे। उन्हें बाएं टखने में चोट लगी थी। बांग्लादेश के खिलाफ वह तीन गेंद ही फेंक सके थे। इसके बाद पूरा मैच नहीं खेल पाए थे। उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
चोटिल हार्दिक पांड्या - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या न्यूजीलैंड के खिलाफ धर्मशाला में 22 अक्तूबर को होने वाले भारत के अगले मैच से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसको लेकर अपडेट जारी कर दिया है। बीसीसीआई ने हार्दिक का हेल्थ अपडेट देते हुए बताया- टीम इंडिया के उप-कप्तान हार्दिक पांड्या को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के मैच के दौरान अपनी ही गेंदबाजी पर फील्डिंग करते समय बाएं टखने में चोट लग गई।
विज्ञापन


बीसीसीआई ने बताया- ऑलराउंडर को स्कैन के लिए ले जाया गया और उन्हें आराम की सलाह दी गई है। वह बीसीसीआई की मेडिकल टीम की लगातार निगरानी में रहेंगे। वह 20 अक्तूबर को टीम के साथ धर्मशाला के लिए उड़ान नहीं भरेंगे और अब सीधे लखनऊ में टीम से जुड़ेंगे जहां भारत इंग्लैंड से खेलेगा।

टीम कॉम्बिनेशन को लेकर हो सकती है परेशानी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक को बंगलूरू ले जाया जाएगा, क्योंकि उन्हें एनसीए में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। वहां इंग्लैंड के विशेषज्ञ डॉक्टर उनका इलाज करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें इंजेक्शन दिए जाएंगे। मैच में चोट लगने के बाद हार्दिक को स्कैन के लिए ले जाया गया था। बाद में वह टीम से जुड़ गए थे, लेकिन वह पूरे मैच में नहीं खेल पाए।

रिपोर्ट के मुताबिक, मेडिकल टीम ने उनके टखने के स्कैन की रिपोर्ट का आकलन किया और उन्हें लगा कि इंजेक्शन लेने से वह ठीक हो जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, बीसीसीआई ने इंग्लैंड में एक विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह ली और उनकी भी यही राय थी। ऐसे में उन्हें एक मैच के लिए आराम दिया गया है। हालांकि, अब न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के लिए टीम मैनेजमेंट को उनके रिप्लेसमेंट और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर काफी सोच विचार करना पड़ेगा।

हार्दिक को कैसे लगी थी चोट

दरअसल, बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान हार्दिक ने लिटन दास के शॉट को दाएं पैर से रोकने की कोशिश की थी। इस दौरान उन्होंने अपना संतुलन खो दिया था और बाएं पैर पर गलत तरीके से लैंड कर गए। इसके बाद मैदान से उठते वक्त वह काफी दर्द में दिख रहे थे और लंगड़ा कर चल रहे थे। जल्द ही फीजियो को मैदान पर बुलाया गया। इस दौरान दो सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा भी उनके साथ थे। फीजियो के आने के बाद करीब पांच मिनट तक मैच रुका रहा।

फीजियो ने हार्दिक के बाएं पैर में पट्टी लगाया और पेन किलर स्प्रे भी किया, लेकिन उससे राहत नहीं मिली। हार्दिक ने उठकर फिर से गेंदबाजी करने की कोशिश की, लेकिन उनसे नहीं हो पाया। ऐसे में रोहित ने बिना किसी देरी के और रिस्क न लेते हुए हार्दिक को फीजियो के साथ मैदान के बाहर भेज दिया। तब तक हार्दिक ने अपने पहले ओवर की तीन गेंद फेंकी थी। बाकी की तीन गेंद विराट कोहली ने फेंकी। उन्होंने छह साल बाद वनडे में गेंदबाजी की।

Hardik Pandya Injury | ICC Cricket World Cup 2023 Explained: How Long Will Hardik  Pandya Have To Wait Before He is Allowed to Bat India VS Bangladesh |  Cricket News, Times Now

रोहित ने मैच के बाद क्या कहा था?

चोटिल हार्दिक की जगह विश्व कप टीम में किसी ओर को शामिल किए जाने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। बांग्लादेश पर जीत के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कप्तान रोहित ने कहा था कि चोट चिंता का विषय नहीं है। उन्होंने कहा, हार्दिक चोट को लेकर परेशान हैं, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है। हम देखेंगे कि शुक्रवार सुबह तक उनकी हालत कैसी रहती है और फिर आगे की योजना बनाएंगे। 

इस कॉम्बिनेशन के साथ उतर सकता है भारत
हार्दिक पांड्या के न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेलने पर शार्दुल को आराम देकर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को खिलाया जा सकता है, क्योंकि धर्मशाला की पिच तेज गेंदबाजों की मददगार होती है। वहीं, हार्दिक की जगह एक स्पेशलिस्ट बैटर यानी सूर्यकुमार यादव को मौका मिल सकता है। इस कॉम्बिनेशन में भारत के पास रोहित, शुभमन, विराट, श्रेयस, राहुल और सूर्या के रूप में छह विशेषज्ञ बल्लेबाज होंगे। वहीं, जडेजा के रूप में एक ऑलराउंडर होगा। साथ ही शमी, बुमराह और सिराज के रूप में तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाज और कुलदीप के रूप में एक विशेषज्ञ स्पिनर होगा।

ICC Cricket World Cup 2023: 4 Players Who Can Replace Hardik Pandya In  India's Playing XI For New Zealand Clash | Cricket News, Times Now
विज्ञापन

हार्दिक का इस विश्व कप में प्रदर्शन

30 साल के हार्दिक के इस विश्व कप में अब तक के प्रदर्शन की बात करें, तो उन्होंने चार मैचों में पांच विकेट झटके हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 6.84 का रहा है। 34 रन देकर 2 विकेट सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं, बल्लेबाजी में उन्हें सिर्फ एक ही बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौका मिला था। उस मैच में वह 11 रन बनाकर नाबाद रहे थे। हार्दिक के ओवरऑल वनडे करियर की बात करें तो हार्दिक ने 86 वनडे में 84 विकेट झटके हैं। साथ ही 11 अर्धशतक की मदद से 1769 रन भी बनाए हैं।

इससे पहले अक्षर भी हुए थे चोटिल
विश्व कप 2023 शुरू होने से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा था जब बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल चोटिल हो गए थे। उन्हें एशिया कप के दौरान चोट लगी थी। इसके बाद अक्षर की जगह रविचंद्रन अश्विन को टीम में शामिल किया गया था। अश्विन को अब तक सिर्फ एक ही मैच (ऑस्ट्रेलिया) में मौका मिला है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें