ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप में अहम जीत दिलाने वाले सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी शतकीय पारी के लिए आईपीएल को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि लीग में खेलने की वजह से ही उन्हें वनडे पारी को गति देने की कला में महारत हासिल हुई। वॉर्नर की 124 गेंद में 163 रन की पारी और शतकवीर मिचेल मार्श के साथ 259 रन की साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान पर 62 रन की जीत दर्ज की और अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गए। वॉर्नर ने साथ ही अपनी पुरानी आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम सनराइजर्स हैदराबाद को भी याद किया।
वॉर्नर ने कहा- मैंने अपने करियर के शुरू में ही यह मन में बना लिया था कि 50 ओवर लंबा समय होता है। मैं 35 ओवर तक पहुंचने की कोशिश करता हूं और फिर उस समय तक अगर मैं क्रीज पर हूं तो बड़े शॉट खेलने की कोशिश करता हूं। मुझे लगता है कि टी20 क्रिकेट में मैंने गियर बदलना भी सीखा है, विशेषकर आईपीएल में। जब मैं सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहा था तो मैंने बहुत कुछ सीखा कि आप जितना सोचते हैं उससे कहीं अधिक समय निकाल सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान
- फोटो : सोशल मीडिया
चिन्नास्वामी स्टेडियम में वॉर्नर ने अपनी पारी को बहुत अच्छे से बुना। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 41 गेंदों में अपने शुरुआती 50 रन बनाए। वहीं, अगले 50 रन उन्होंने 44 गेंदों में बनाए और अंतिम 63 रन केवल 39 गेंदों में बने। वॉर्नर ने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट खेलने के बाद आप आसानी से अपना गियर बदल सकते हो। इसलिए पहले 10 ओवरों में जब दो नई गेंद हो तो आपको इसका सम्मान करना होगा, लेकिन फिर यदि आप जम जाते हैं, तो आप पहले 10 ओवर में कम से कम 50 रन बना सकते हैं।
वॉर्नर ने कहा, 'फिर वहां से आप अपने लिए मंच तैयार करते हो और यही वह ऊर्जा होती है जिस पर आप भरोसा करते हो। अगर आप बैक एंड पर खुद को समय देते हैं, तो आप वास्तव में बड़ा स्कोर बना सकते हैं। इस 36 वर्षीय बल्लेबाज ने एशियाई टीम के खिलाफ लगातार चार वनडे शतक जड़े और 2019 में एडिलेड में तिहरा शतक जड़ा। वार्नर ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने बल्ले से कोई जादू नहीं किया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि कभी-कभी आप कुछ टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करते हो। मुझे लगता है कि आप बस खुद का समर्थन करते रहें। मैं वास्तव में किसी भी आंकड़े को नहीं देखता हूं।
ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान
- फोटो : सोशल मीडिया
न्यू साउथ वेल्श के इस खिलाड़ी ने अपने साथी सलामी बल्लेबाज मार्श की तारीफ की जिन्होंने 108 गेंद में 121 रन बनाए। वॉर्नर ने कहा- वह इस समय इतनी अच्छी मानसिक स्थिति में है और जब मिचेल उस जोन में होते हैं तो हमें अच्छा लगता है। वह टीम की जान हैं। हर मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं। शुक्रवार को उनका जन्मदिन भी था। ऐसे में शतक लगाना उनके लिए शानदार रहा। वॉर्नर ने मार्कस स्टोइनिस की भी तारीफ की जिन्होंने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों इमाम उल हक और अब्दुल्ला शफीक को आउट करके टीम को शुरुआती सफलता दिलाई।
उन्होंने कहा- स्टोइनिस को गेंदबाजी करते हुए देखना अच्छा लगता है। वह भारत को अच्छी तरह से जानते हैं। वह इन मैदानों को अच्छी तरह से जानते हैं। आपने देखा होगा कि उन्होंने ऑफसाइड पर ज्यादा रन नहीं दिए। शॉर्ट बॉल फेंकी और छोटी बाउंड्री पर ही कैच कराया। वॉर्नर ने कहा कि उन्हें लगता है कि चिन्नास्वामी की पिच पर 350 रन का स्कोर अच्छा था, लेकिन उन्होंने पाकिस्तान की खुलकर रन बनाने की क्षमता को खारिज नहीं किया। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि 350 रन का स्कोर ठीक ठाक था क्योंकि हम इस मैदान का इतिहास जानते हैं और बाद में ओस आती है जिससे बल्लेबाजी आसान हो जाता है।
ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान
- फोटो : अमर उजाला
ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान मैच में क्या हुआ?
विश्व कप 2023 के 18वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 62 रन से हरा दिया। इसके साथ ही कंगारू टीम ने टूर्नामेंट में दूसरी जीत हासिल की। इस विश्व कप में यह पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार रही। इससे पहले भारत के खिलाफ भी पाकिस्तान को हार झेलनी पड़ी थी। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेविड वॉर्नर के 163 और मिशेल मार्श के 121 रनों की बदौलत 367 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने पांच और हारिस रऊफ ने तीन विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया को 400 रन तक पहुंचने से रोका। वहीं, पाकिस्तान के लिए इमाम उल हक ने 70 और अब्दुल्लाह शफीक के 64 रन की पारी खेल अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जैम्पा ने चार, पैट कमिंस और मार्कस स्टोइनिस ने दो-दो विकेट लिए। पाकिस्तान की टीम 45.3 ओवर में 205 रन पर सिमट गई और मैच 62 रन से हार गई।