श्रीलंका दौरे पर शिखर धवन टीम के कप्तान हैं जबकि राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रमुख राहुल द्रविड़ को मुख्य कोच बनाया गया है। यह दौरा टी-20 विश्व कप के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। वहीं, भुवनेश्वर कुमार को उप कप्तान नियुक्त किया गया। इस दौरे पर गई टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं। इस दौरे पर पांच खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया, जिसमें के गौतम, देवदत्त पडीक्कल, नीतिश राणा, ऋतुराज गायकवाड़ और चेतन सकारिया शामिल हैं। इन खिलाड़ियों के पास अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव नहीं है। श्रीलंका दौरे पर युवा बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल और पृथ्वी शॉ पर भी सभी की निगाह टिकी रहेगी। टीम में इशान किशन और संजू सैमसन के रूप में दो विकेटकीपर भी हैं।
राष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख राहुल द्रविड़ ने पिछले कुछ सालों में पृथ्वी शॉ, शुभमन गिल, मोहम्मद सिराज, मयंक अग्रवाल, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर जैसे खिलाड़ियों को तराशने का काम किया, जो आज टीम इंडिया के लिए खेल रहे हैं। इनकी कामयाबी के पीछे राहुल द्रविड़ की अपार मेहनत है। राहुल द्रविड़ ने भारतीय टीम का कोच बनने के लिए आवेदन करने की बजाए अंडर-19 और इंडिया-ए टीम को कोचिंग देना बेहतर समझा, ताकि भारत की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत हो सके।