पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी वसीम अकरम ने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को चमत्कारिक बच्चा बताते हुए दावा किया है कि जब से पंत ने घायल होने के बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी की है, उनका प्रदर्शन सुपरह्यूमन की तरह रहा है। पंत दिसंबर 2022 में कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्होंने इस साल आईपीएल से करीब 15 महीने बाद मैदान पर वापसी की थी।
पंत ने वापसी के बाद आईपीएल में प्रभावित किया था जिससे उन्हें टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल होने का मौका मिला था। इसके बाद पंत ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से लाल गेंद के प्रारूप में 632 दिनों बाद वापसी की थी। पंत ने बांग्लादेश के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए शतक जड़ा था।
'पंत के स्वास्थ्य को लेकर चिंता थी'
अकरम ने कहा कि कार दुघर्टना में घायल होने के बाद पंत के स्वास्थ्य को लेकर पाकिस्तान के लोगों को चिंता सता रही थी। पाकिस्तान का यह पूर्व तेज गेंदबाज पंत की दमदार वापसी से काफी प्रभावित है। उन्होंने कहा, पंत के प्रदर्शन को देखें, उस हादसे के बाद जिस तरह से उन्होंने वापसी की और प्रदर्शन किया वो किसी सुपरह्यूमन की तरह है। जिस तरह से वह दुर्घटना में घायल हुए थे, पाकिस्तान में हम सभी इससे काफी चिंतित थे। मैं भी काफी चिंता में था और मैंने कई ट्वीट किए थे। पंत ने वापसी की और 155 के स्ट्राइक रेट और 40 के औसत से आईपीएल में 446 रन बनाए। वह एक चमत्कारिक बच्चा है।
अकरम पंत की मानसिक मजबूती से प्रभावित
अकरम ने इसके साथ ही पंत के मानसिक मजबूती की भी सराहना की जिस कारण उनकी वापसी आसान हो सकी। अकरम इस बात से भी प्रभावित हैं कि पंत किस तरह टेस्ट खेल रहे हैं और जेम्स एंडरसन और पैट कमिंस जैसे गेंदबाजों के खिलाफ अपना प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने कहा, वह जिस तरह उस दुर्घटना से उबरे और वापसी की, यह बताता है कि उनका मानसिक स्वास्थ्य कितना मजबूत है। जिस तरह से वह टेस्ट खेलता है और ऑस्ट्रेलिया में प्रदर्शन किया। इसके बाद इंग्लैंड में एंडरसन और कमिंस के खिलाफ रिवर्स स्वीप खेला, वो बताता है कि पंत काफी विशेष हैं।