भारत के लिए टी-20 की कप्तानी छोड़ने के एलान के बाद अब विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी से भी इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। वे आईपीएल 2021 के बाद आरसीबी की कप्तानी छोड़ देंगे।
उन्होंने गुरुवार को टी-20 फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी से भी इस्तीफा दिया था। टी-20 वर्ल्ड कप के बाद विराट भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ देंगे। विराट 2013 से आरसीबी के कप्तान हैं। उन्हें डेनियल विटोरी के बाद टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। वे अब तक नौ सीजन में टीम की कप्तानी संभाल चुके हैं। हालांकि, उन्होंने अब तक एक भी आईपीएल खिताब नहीं जीता है। 2016 में उनकी कप्तानी में बैंगलोर फाइऩल में पहुंची थी। विराट की कप्तानी में यही टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
विराट ने कप्तानी को लेकर क्या कहा?
विराट ने आरसीबी की कप्तानी छोड़ने का एलान करते हुए कहा- यह मेरे लिए शानदार सफर रहा है। आरसीबी में कुछ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कप्तानी करना शानदार अनुभव रहा है। मैं इस मौके पर टीम मैनेजमेंट, कोच, सपोर्ट स्टाफ, खिलाड़ियों और पूरी आरसीबी परिवार का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। इन सभी ने टीम और फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने में मदद की है।
विराट ने कहा- यह आसान फैसला नहीं था, लेकिन फ्रेंचाइजी के बेहतर भविष्य को देखते हुए मैंने यह फैसला लिया है। आरसीबी परिवार मेरे दिल के करीब है और टीम आगे और बेहतर होगी। मैंने पहले भी कहा है और फिर कहता हूं कि क्रिकेट से रिटायरमेंट तक मैं आरसीबी से ही खेलता रहूंगा।
बतौर कप्तान आरसीबी के लिए 132 मैच खेले कोहली
विराट ने आईपीएल में अब तक 132 मैचों में टीम की कमान संभाली है। इनमें से 60 में आरसीबी को जीत मिली। 65 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। तीन मैच टाई रहे और चार मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।
कोहली ने बतौर कप्तान पांच शतक लगाए हैं
विराट ने आरसीबी के लिए अब तक 199 मैचों में 6076 रन बनाए हैं। सोमवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ वे आईपीएल करियर का 200वां मैच खेलेंगे। बतौर कप्तान आरसीबी के लिए उन्होंने 132 मैचों में 43.27 की औसत और 134.11 के स्ट्राइक रेट से 4674 रन बनाए हैं। उन्होंने इस लीग में पांच शतक भी लगाए हैं। विराट ने यह सभी शतक कप्तान रहते हुए बनाए।