वनडे विश्व कप 2023 में भारत ने अपने आखिरी लीग मैच में नीदरलैंड को 160 रन से हरा दिया और अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले में विराट कोहली ने 51 रन का पारी खेली और विपक्षी टीम के कप्तान का विकेट भी लिया। मैच के दौरान कोहली काफी खुश थे और जब उन्होंने विकेट लिया तो उनकी पत्नी अनुष्का भी खुशी से झूम रही थीं।
मैच के बाद कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी टीम के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ मुंबई लौट आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कोहली को मुंबई हवाई अड्डे से बाहर निकलते देखा गया और जब पैपराजी और फैंस ने उनकी तस्वीरें खींचने की कोशिश की, तो वह एयरपोर्ट के गेट के पास चले गए, लेकिन कार के पास किसी भी फोटो से मना कर दिया, क्योंकि उनकी बेटी वामिका अंदर थी। उन्होंने कहा “यहीं पे कर लो, गाड़ी के पास नहीं सुबह-सुबह उठके आए हैं प्लीज। अरे बेटी को घर लेके जाना है।"
मैच में क्या हुआ?
श्रेयस अय्यर और केएल राहुल के शतकों ने भारत को विश्व कप में रविवार को नीदरलैंड पर 160 रनों से जीत दिलाई। भारत ने नौ मैचों में नौ जीत के साथ ग्रुप चरण खत्म किया। अय्यर (नाबाद 128) और राहुल (102) ने 208 रन जोड़कर भारत को 410/4 तक पहुंचाया। भारत ने बंगलूरु में टूर्नामेंट के आखिरी लीग मैच में नीदरलैंड को 250 रन पर आउट करने के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा सहित नौ खिलाड़ियों ने गेंदबाजी की।
मेजबान टीम बुधवार को मुंबई में पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी और उसके बाद अगले दिन कोलकाता में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला होगा। रोहित ने लीग चरण के बारे में कहा, "हमने एक मैच पर ध्यान केंद्रित किया। हम (नौ) अलग-अलग स्थानों पर खेल रहे हैं और मैदान के अनुसार खेल रहे हैं। हमने इन नौ मैचों में जिस तरह से खेला उससे बहुत खुश हैं। पहले मैच से लेकर आज तक बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा। हम भारत में खेल रहे हैं, उम्मीदें रहेंगी।"