भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत मंगलवार (26 दिसंबर) को बॉक्सिंग डे टेस्ट से होगी। दो टेस्ट मैच की सीरीज से पहले भारतीय टीम पूरी तरह से तैयारी में जुट गई है। भारत के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली भी टेस्ट टीम के साथ जुड़ चुके हैं। विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका पहुंचने के बाद निजी कारणों से भारत लौटे थे, लेकिन टेस्ट सीरीज से पहले ही वह टीम के साथ जुड़ चुके हैं।
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने रविवार को अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया। ये दोनों खिलाड़ी वनडे और टी20 टीम का हिस्सा नहीं थे। दोनों दिग्गजों ने इस दौरे के लिए सीमित ओवर क्रिकेट से ब्रेक मांगा था।
दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टीम का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। ऐसे में टीम इंडिया यहां दो मैच की टेस्ट सीरीज में जीत हासिल कर अपना रिकॉर्ड बेहतर करना चाहेगी। इस दौरे में भारत की युवा टीम ने अफ्रीकी जमीन पर अच्छा खेल दिखाया है। तीन मैच की टी20 सीरीज 1-1 से बराबरी पर रही। वहीं, तीन वनडे की सीरीज भारत ने 2-1 से अपने नाम की। अब भारत की कोशिश दो मैच की टेस्ट सीरीज में भी अच्छा प्रदर्शन करने की होगी।
भारत के लिए अच्छी बात यह है कि टेस्ट सीरीज में भारत के सभी अहम खिलाड़ी खेल रहे हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा के अलावा रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ऐसे सीनियर खिलाड़ी हैं, जो वनडे या टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं थे। इन खिलाड़ियों के आने से टीम इंडिया और मजबूत हुई है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अभिमन्यू ईश्वरन, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रीकर भरत (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।