विराट कोहली का लाजवाब प्रदर्शन इस साल बदस्तूर जारी है। पहले टीम इंडिया अब आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के लिए खेलते हुए वह लगातार कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। वह आईपीएल में ओरेंज कैप भी पहन चुके हैं।
रविवार को गुजरात लायंस के खिलाफ खेलते हुए आरसीबी के कप्तान विराट की बल्लेबाजी फिर घातक रही। वह इस बार फिर विपक्षी गेंदबाजों पर हावी दिखे। यह टी-20 और आईपीएल में विराट की पहली सेंचुरी है। इस साल टी-20 में विराट ने बल्लेबाजी में ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर लिया जिससे दूसरा बल्लेबाज कोसों दूर है। (गुजरात लायंस के खिलाफ आरसीबी के इस मुकाबले का स्कोरकार्ड देखें)
साल 2016 में टी-20 क्रिकेट में विराट के बल्ले से एक या दो नहीं पूरे 17 अर्धशतक निकल चुके हैं। वहीं, इसके मुकाबले इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कोई भी अन्य बल्लेबाज 6 से ज्यादा फिफ्टी नहीं बना सका है।
2014 से आईपीएल में विराट का बल्लेबाजी औसत कमाल का रहा है। वहीं, क्रिस गेल की अनुपस्थिति में ओपनिंग करते हुए वह 45 से ज्यादा के औसत से रन बना रहे हैं।