जैसे ही अक्षर ने छक्के लगाने की नकल की तो रोहित ने कहा, 'हर कोई इस तरह एक छक्का मारता है। कुछ अलग दिखाओ।' इस पर सोफे पर बैठे सूर्यकुमार कहते हैं, 'मुझे करने दो। वह इसे पहली ही बार में समझ जाएंगे।' सूर्यकुमार अपने दावों पर खरे उतरे और रोहित पहली ही बार में समझ गए। सूर्यकुमार के हेलीकॉप्टर शॉट की नकल पर रोहित जोर से चिल्लाए- MSD। इसके बाद अक्षर कहते हैं, 'मैंने दाएं हाथ से (विश्व कप) फाइनल में धोनी के छक्के का पोज किया था।' इस पर रोहित ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, 'हेलीकॉप्टर घुमा न हेलीकॉप्टर!'
रोहित समेत ये सभी खिलाड़ी इस साल टी20 विश्व कप 2024 जीतने वाली टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे। फिलहाल रोहित न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले ब्रेक पर हैं। वहीं, सूर्यकुमार, अक्षर और शिवम बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में एक्शन में दिखेंगे। सूर्यकुमार कप्तानी करते दिखेंगे। आईपीएल 2025 के लिए होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट भी आनी है और रोहित पर सभी की नजरें टिकी हैं।
पिछले साल रोहित मुंबई फ्रेंचाइजी द्वारा हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाए जाने पर नाखुश थे। उन्हें अभिषेक नायर के साथ वायरल हुए वीडियो में यह कहते हुए सुना गया था कि ये मेरा आखिरी है। अब यह देखने वाली बात होगी कि मुंबई फ्रेंचाइजी उन्हें रिटेन करती है या नहीं। आईपीएल मेगा ऑक्शन इस साल नवंबर में होने वाला है। सभी 10 फ्रेंचाइजी को रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए 31 अक्तूबर तक की समय सीमा दी गई है। एक फ्रेंचाइजी को छह खिलाड़ियों को रिटेन करने की इजाजत होगी, जिसमें राइट टू मैच (RTM) विकल्प शामिल है।