वेस्टइंडीज और अमेरिका के बीच सुपर आठ चरण में ग्रुप दो का मुकाबला खेला जाएगा। दोनों मेजबानों के लिए यह मुकाबला करो या मरो की तरह है जहां वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखने के लिए अमेरिका के खिलाड़ी बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, जबकि ग्रुप चरण में पाकिस्तान को हराकर उलटफेर करने वाली अमेरिका की कोशिश एक बार फिर इसी तरह का कारनामा करने पर टिकी होंगी।
वेस्टइंडीज को मिली थी इंग्लैंड से हार
ग्रुप चरण में अपराजेय रहने के बाद वेस्टइंडीज को सुपर आठ चरण के पहले मैच में गत चैंपियन इंग्लैंड ने आठ विकेट से हराया था। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रहे और पारी में 51 डॉट गेंदें रही। इस हार के बाद रोवमैन पॉवेल की टीम अंक तालिका में सबसे नीचे खिसक गई है और उसका नेट रनरेट भी माइनस 1.343 है। उसे तीसरा खिताब जीतने की उम्मीदें बनाए रखने के लिए बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
अमेरिका को खेलना होगा आक्रामक क्रिकेट
दूसरी ओर पाकिस्तान को हराने के बाद अमेरिका ने भले ही कोई मैच नहीं जीता हो लेकिन भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका पर अप्रत्याशित जीत के करीब पहुंचने के बाद 18 रन से हार गई। सह मेजबान अमेरिका ने अभी तक आक्रामक क्रिकेट खेली है और इस मैच में भी उससे यही उम्मीद होगी। अमेरिकी बल्लेबाज स्टीवन टेलर ने मैच से पूर्व कहा, हम अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और टीम का आपसी तालमेल कमाल का है। हमें पता है कि सुपर आठ की बाकी टीमों के सामने हमें कमजोर माना जाएगा। हम यहां अच्छा खेलने आए हैं। ऐसा कर सके तो जीतेंगे वरना हारेंगे।
कमजोर गेंदबाजी अमेरिका के लिए खड़ी कर सकता है परेशानी
अमेरिका की कमजोरी उसका अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण है जिसके लिए वेस्टइंडीज के पावर हिटर्स निकोलस पूरन, आंद्रे रसेल और पॉवेल को गेंदबाजी करना बड़ी चुनौती होगा। दूसरी ओर वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डेरेन सैमी ने कहा कि उनकी टीम का मनोबल गिरा नहीं है। उन्होंने कहा, किसी टूर्नामेंट में किसी मैच में विरोधी टीम आप पर हावी हो जाती है लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि आप बाहर ही हो गए हैं। अब हमें सारे मैच जीतने होंगे और हमारा फोकस उसी पर है।
ब्रेंडन किंग का खेलना संदिग्ध
इंग्लैंड के खिलाफ बाजू में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ने को मजबूर हुए ब्रेंडन किंग का खेलना संदिग्ध है। उनके नहीं खेलने पर शिमरोन हेटमायेर को टीम में जगह मिलेगी। वहीं अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद से बाहर हैं।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
वेस्टइंडीजः काइल मेयर्स, जॉनसन चार्ल्स, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोस्टन चेज, रोवमैन पॉवेल (कप्तान), शेरफाने रदरफोर्ड, आंद्रे रसेल, ओबेड मैकॉय, अकील हुसैन, अल्जारी जोसेफ, गुडाकेश मोती।
अमेरिकाः स्टीवन टेलर, आंद्रियस गौउस, शायन जहांगीर, आरोन जोंस, मोनांक पटेल (कप्तान), नीतीश कुमार, कोरी एंडरसन, जसदीप सिंह, हरमीत सिंह, सौरभ नेत्रवलकर, अली खान।