महिला प्रीमियर लीग के आठवें मैच में यूपी वॉरियर्स ने गुजरात जाएंट्स को करारी शिकस्त प्वॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव किया है। एलिसा हीली की अगुवाई वाली टीम ने बेथ मूनी की टीम को 26 गेंदों के शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाक 142 रन बनाए। इसके जवाब में यूपी ने 15.4 ओवर में चार विकेट खोकर 143 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गुजरात द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की शानदार शुरुआत हुई। कप्तान एलिसा हीली ने किरण नवगिरे के साथ पहले विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी निभाई। किरण 12 रन बनाकर आउट हो गईं। टीमको दूसरा झटका हीली के रूप में लगा जिन्होंने 21 गेंदों में 33 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं चमारी अटापट्टू अपने पहले मैच में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उन्हें तनुजा कंवर ने लौरा के हाथों कैच आउट कराया। यूपी को चौथा झटका पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं श्वेता सहरावत के रूप में लगा जो सिर्फ दो रन बना सकीं। इसके बाद मोर्चा ग्रेस हैरिस और दीप्ति शर्मा ने संभाला। दोनों ने 30 गेंदों में 53 रन की नाबाद साझेदारी निभाकर टीम को जीत दिलाई। हैरिस ने इस मुकाबले में 33 गेंदों में 60 रन और दीप्ति ने 14 गेंदों में 17 रन की नाबाद पारी खेली। गुजरात के लिए तनुजा ने दो विकेट लिए जबकि मेघना और कैथराइन को एक-एक सफलता मिली।
गुजरात ने यूपी को दिया 143 रन का लक्ष्य
गुजरात जाएंट्स ने यूपी वॉरियर्स को 143 रन का लक्ष्य थमाया है। इस मुकाबले में गुजरात ने अच्छी बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरीं लौरा और बेथ मूनी के बीच पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी हुई। कप्तान 18 रन बनाकर आउट हो गईं। वहीं, लौरा ने चार चौकों की मदद से 28 रन की पारी खेली। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी हरलीन देओल 18 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उन्हें राजेश्वरी गायकवाड़ ने अंजलि सरवानी के हाथों कैच कराया।
यूपी के खिलाफ चौथे विकेट के लिए एश्ले गार्डनर और फीबी लीचफील्ड के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। 19वें ओवर की पहली गेंद पर एक्लेस्टोन ने गार्डनर को आउट कर इसे खत्म कर दिया। वह 30 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इस ओवर की तीसरी गेंद पर फीबी भी रन आउट हो गईं। वह 26 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। दयालन हेमलथा (दो) और कैथराइन ब्राइस (पांच) इस मैच में नाबाद रहीं। यूपी के खिलाफ सोफी एक्लेस्टोन ने तीन विकेट चटकाए। वहीं, राजेश्वरी गायकवाड़ को एक विकेट मिला।
अंक तालिका में हुआ बड़ा बदलाव
यूपी ने इस जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव किया है। चार अंकों के साथ टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, नेट रनरेट 0.211 हो गया है। एलिसा हीली की टीम ने मुंबई इंडियंस को पीछे छोड़ दिया। हमरनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम चार अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, टीम का नेट रनरेट -0.182 हो गया है। गुजरात जाएंट्स लगातार तीन मैचों में हार के साथ पांचवें नंबर पर बनी है। अंक तालिका में पहले नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स का कब्जा है। दूसरे स्थान पर स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर है।