ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने बुधवार को हुए वनडे कप मैच में आग उगला। उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेलते हुए क्वींसलैंड के खिलाफ दोहरा शतक जमाया। इसकी बदौलत साउथ ऑस्ट्रेलिया ने क्वींसलैंड को हराकर जीत के सूखे को खत्म किया। यह मैच केरेन रोल्टन ओवल में खेला गया था।
हेड ने 230 रन की पारी खेली
हेड ने 127 गेंदों पर 230 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 28 चौके और आठ गगनचुंबी छक्के लगाए। हेड ने 160 रन केवल चौके-छक्के से बनाए। उन्होंने सिर्फ 114 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया। हेड ने 100 रन बनाने के लिए सिर्फ 49 गेंद लिए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 181.1 रहा, जो कि वनडे कप के इतिहास में सेंचुरी के स्कोर में सबसे ज्यादा है।
साउथ ऑस्ट्रेलिया ने 391 रन बनाए
इसकी बदौलत साउथ ऑस्ट्रेलिया ने 48 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 391 रन बनाए। जवाब में क्वींसलैंड की टीम हार गई। हेड ने 2018 में आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के लिए खेला था। इसके बाद उन्हें टेस्ट टीम से निकाल दिया गया था और उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी गंवाना पड़ा।
बैंगलोर के लिए भी खेल चुके हेड
हेड इससे पहले घरेलू वनडे क्रिकेट में दो डबल सेंचुरी जड़ चुके हैं। वो ऐसा करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी हैं। वहीं, लिस्ट-ए में दो दोहरा शतक लगाने वाले क्रिकेट इतिहास के तीसरे खिलाड़ी हैं।
हेड आईपीएल में बैंगलोर के लिए भी खेल चुके हैं। हेड साल 2016 और 2017 में विराट कोहली की अगुआई वाली आरसीबी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने टीम की तरफ से 10 मैच खेले और 29.38 के औसत से 205 रन बनाए। इसमें एक अर्धशतक भी शामिल है।
गेंद गई स्टेडियम से बाहर
अपनी इस धुआंधार पारी के दौरान हेड ने एक ऐसा छक्का मारा कि गेंद स्टेडियम से बाहर सड़क पर चली गई। वहां से गुजर रहे एक युवक ने गेंद को कैच किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हेड के अलावा जैक विदराल्ड ने 97 रन की पारी खेली। हालांकि वो शतक बनाने में कामयाब नहीं रहे। बारिश की वजह से मैच 48-48 ओवर का ही हो सका।