जुलाई 2017 में रवि शास्त्री को मुख्य कोच नियुक्त किए जाने से पहले बीसीसीआई ने नौ बिंदुओं वाले पात्रता दिशानिर्देश दिए थे जिसमें पूरी तरह से स्पष्टता नहीं थी। इस बार मुख्य कोच, बल्लेबाजी कोच, गेंदबाजी कोच और क्षेत्ररक्षण कोच के लिए तीन बिंदुओं के पात्रता दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। बीसीसीआई ने बयान में कहा, ‘टीम इंडिया के मौजूदा कोचिंग स्टाफ को नियुक्ति की प्रक्रिया में स्वत: प्रवेश मिलेगा।’
आवेदक को होना चाहिए दो साल का अनुभव
-मुख्य कोच को टेस्ट खेलने वाले देश को न्यूनतम दो साल कोचिंग देने का अनुभव होना चाहिए या एसोसिएट सदस्य/ए टीम/आईपीएल टीम को तीन साल कोचिंग देने का अनुभव होना चाहिए।
-इसके साथ ही आवेदक ने 30 टेस्ट या 50 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हों।
- बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण कोच के लिए पात्रता नियम समान है और सिर्फ आवेदक द्वारा खेले गए मैचों की संख्या में अंतर है। इन तीन पद के आवेदक ने कम से कम 10 टेस्ट या 25 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले होने चाहिए।
शास्त्री-बांगड़ का अनुबंध 45 दिन बढ़ा
भारत के तीन अगस्त से तीन सितंबर तक होने वाले वेस्टइंडीज दौरे को देखते हुए शास्त्री, गेंदबाजी कोच भरत अरुण, बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ और क्षेत्ररक्षण कोच आर श्रीधर के अनुबंध को विश्व कप के बाद 45 दिन के लिए बढ़ाया गया है।
ये सभी पुन : आवेदन कर सकते हैं लेकिन टीम को नया ट्रेनर और फिजियो मिलना तय है क्योंकि विश्व कप सेमीफाइनल में भारत की हार के बाद शंकर बसु और पैट्रिक फरहार्ट टीम से अलग हो गए हैं। वेस्टइंडीज दौरे के बाद भारत के घरेलू सत्र की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 सितंबर से होगी।
60 : बरस से कम होनी चाहिए टीम इंडिया के कोच के लिए आवेदन करने वाले की उम्र
30 : जुलाई शाम पांच बजे तक होगी आवेदन के लिए समय सीमा