दुबई के मैदान में भारत दो बार पाकिस्तान को हरा चुका है।
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और पाकिस्तान 24 अक्तूबर को अपने वर्ल्डकप अभियान की शुरुआत करेंगे। ये दोनों टीमें काफी समय बाद एक दूसरे के खिलाफ खेल रही हैं। इस मैच से पहले कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं और मौजूदा फॉर्म के अधार पर ऐसा कहा जा रहा है कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होगी। हालांकि इस मैदान के आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां करते हैं। दुबई के मैदान में भारतीय टीम के आंकड़े बहुत ही शानदार हैं। इस मैदान में टीम इंडिया अब तक कोई मैच नहीं हारी है। ऐसे में पाकिस्तान के लिए भारत को हराना बहुत मुश्किल होने वाला है।
टीम इंडिया ने दुबई में कुल छह मैच खेले हैं और पांच में जीत हासिल की है, जबकि एक मैच टाई रहा है। इस दौरान भारत ने दो बार पाकिस्तान को भी हराया है। हालांकि इन पांच में चार जीत भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए हासिल की है। इस मैदान में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एकमात्र मैच हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ जीता था। इस मैच में भारत ने हॉन्ग-कॉन्ग को 26 रनों से हराया था। इस मैदान में टीम इंडिया कोई भी मैच नहीं हारी है।