बीसीसीआई अधिकारी और चयनकर्ता नौ अक्तूबर को बैठक करेंगे।
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2021 में प्लेऑफ की टीमों का फैसला होने के बाद शनिवार के दिन बीसीसीआई अधिकारी और चयनकर्ताओं के बीच बैठक होगी। इस बैठक वर्ल्डकप से जुड़े कई अहम मुद्दों पर फैसला हो सकता है। टी-20 वर्ल्डकप के लिए पहले ही सभी देशों की टीमों का ऐलान हो चुका है। हालांकि, आईसीसी के नियम के अनुसार 10 अक्तूबर तक टीम बदली जा सकती है। इस वजह से पूरी संभावनाएं हैं कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड भी 10 अक्टूबर तक अपनी टीम में बदलाव कर सकता है।
आईपीएल 2021 के दूसरे फेज में खराब प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों की टीम से छुट्टी हो सकती है। वर्ल्डकप के लिए भारतीय टीम पर आखिरी फैसला लेने से पहले बोर्ड के अधिकारी इस पर शनिवार को चर्चा करेंगे। इनसाइड स्पोर्ट्स की खबर के अनुसार इस बैठक सबसे ज्यादा चर्चा हार्दिक पांड्या के ऊपर होगी। इस सीजन में उनकी फॉर्म भी कुछ खास नहीं रही है और उनका गेंदबाजी न करना भारतीय टीम के लिए चिंता का सबसे बड़ा विषय है। इस आईपीएल सीजन में हार्दिक लगातार अपनी फिटनेस से जूझते रहे हैं। ऐसे में उनकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है। वहीं ईशान किशन के खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें भी भारतीय टीम से बाहर किया जा सकता है और श्रेयस अय्यर को टीम में जगह मिल सकती है। अय्यर अभी भी रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर भारतीय टीम में शामिल हैं।