ऑस्ट्रेलिया के ही दिग्गज टॉम मूडी ने लिखा- यह जीत बड़ी है। अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पहली बार धूल चटाई। राशिद खान की टीम को सलाम। वह एक सच्चे योद्धा हैं। भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज शिखा पांडे ने कहा- अविश्वसनीय नतीजों वाला एक विश्व कप। क्रिकेट क्या शानदार खेल है। इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टीवन फिन ने लिखा- जोनाथन ट्रॉट और उनकी टीम के प्रति मेरा सम्मान। यह टी20 विश्व कप कितना शानदार होता जा रहा है।
वसीम जाफर ने लिखा- इसे उलटफेर कहकर अफगानिस्तान का अपमान न करें। अफगानिस्तान अपने दिन किसी भी टीम को हराने के लिए काफी अच्छा है। उन्होंने आज अपनी क्षमता के अनुरूप खेला और ऑस्ट्रेलिया की एक बहुत अच्छी टीम को हरा दिया। एक तथ्य जिसका जश्न मनाया जाना चाहिए। बधाई हो और अच्छा खेले अफगानिस्तान। मोहम्मद नबी ने अपनी टीम की जीत पर लिखा- सभी को मुबारक। हमारी आज की ऑस्ट्रेलिया पर जीत हमारी क्षमता और दृढ़ता को दर्शाता है।
अंजुम चोपड़ा ने लिखा- वाह अफगानिस्तान। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आज आपके खिलाड़ी शानदार थे। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व क्रिकेटर लिसा स्थालेकर ने कहा- यह अफगानिस्तान की ओर से एक और ऐतिहासिक जीत है। उन्होंने परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझा है, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि प्लान को उन्होंने अच्छी तरह से लागू किया है। ऑस्ट्रेलिया की फील्डिंग फिर से खराब दिखी। छह मौके चूक गए जबकि दूसरी तरफ अफगानिस्तान ने कुछ शानदार कैच लपके।
अफगानिस्तान टीम के वनडे कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने लिखा- क्या जीत है। शानदार खेले गुलबदीन नईब, रहमनुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान और नवीन उल हक और पूरी टीम। माइकल वॉन ने लिखा- अब इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है और पिछले कुछ समय से अफगानिस्तान वैसा ही प्रदर्शन करता आ रहा है जैसा हमने अभी देखा है। बेहद कुशल खिलाड़ियों का समूह और शानदार नेतृत्व। चमारा कापूगेदरा ने लिखा- वाह, अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पहली बार हरा दिया है। बधाई अफगानिस्तान क्रिकेट टीम।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन बनाए। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 60 रन और इब्राहिम जादरान ने 51 रन की पारी खेली। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.2 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। गुलबदीन नईब ने चार विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया के लिए मैक्सवेल के अलावा कोई खिलाड़ी 15 का आंकड़ा भी नहीं छू सका। ट्रेविस हेड (0), डेविड वॉर्नर (3), कप्तान मिचेल मार्श (12), मार्कस स्टोइनिस (11), टिम डेविड (2), मैथ्यू वेड (5), पैट कमिंस (3), एश्टन एगर (2) और एडम जैम्पा (9) कुछ खास नहीं कर सके।