आईपीएल 2024 में खेल रहे इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीजन के प्लेऑफ और फाइनल में अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे। इंग्लैंड के खिलाफ फिलहाल आईपीएल में अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने हालांकि नॉकआउट मैचों के लिए टीम के खिलाड़ियों को अनुपलब्ध बताया है। इंग्लैंड ने मंगलवार को टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान किया जिसमें आईपीएल में खेल रहे कुछ खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
विश्व कप की तैयारी के लिए स्वदेश बुलाया
ईसीबी ने विश्व कप से पहले 22 मई से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली चार मैचों की टी20 सीरीज से पहले सभी खिलाड़ियों को स्वदेश बुला लिया है। यह सीरीज विश्व कप की तैयारी के लिहाज से दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ईसीबी के इस फैसले के कारण जोस बटलर, फिल सॉल्ट और मोइन अली को वापस लौटना होगा। बटलर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स, सॉल्ट कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और मोइन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलते हैं। केकेआर, राजस्थान और सीएसके तीनों ही प्लेऑफ की दौड़ में आगे चल रही हैं, ऐसे में इन खिलाड़ियों का प्लेऑफ के लिए उपलब्ध ना रहना इनकी टीमों के लिए परेशानी का सबब हो सकता है।
इंग्लैंड के पुरुष टीम के प्रबंध निदेशक रॉब की ने टी20 विश्व कप के लिए चुने गए खिलाड़ियों से बात की थी और उन्हें चयन के बारे में बताया था। उन्होंने साथ ही इन खिलाड़ियों को नॉकआउट चरण के लिए उपलब्ध नहीं होने की सूचना दी थी। आईपीएल 2024 का प्लेऑफ 21 से 26 मई तक चलेगा। बटलर, सॉल्ट और मोइन के अलावा इंग्लैंड की विश्व कप टीम में जॉनी बेयरस्टो, सैम करन, लियाम लिविंगस्टोन, विल जैक्स और रीस टॉप्ली भी शामिल हैं और ये खिलाड़ी भी आईपीएल का हिस्सा हैं।
18-19 मई तक लौट सकते हैं खिलाड़ी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड के सभी खिलाड़ी 18-19 मई तक स्वदेश लौट जाएंगे। ऐसा होने पर इंग्लैंड का कोई भी खिलाड़ी प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। आईपीएल का ग्रुप चरण 19 मई तक चलेगा। रॉब ने मंगलवार को टीम घोषित होने के बाद कहा, आप बिना किसी कारण के खिलाड़ियों को वापस नहीं बुला सकते। इस एक कारण खिलाड़ियों की सुरक्षा भी है। बटलर ने आईपीएल खत्म होने से पहले ही घर वापस लौटने का फैसला कर लिया था। मैंने उनसे कहा था कि आपको पाकिस्तान के खिलाफ बतौर कप्तान सीरीज में खेलना होगा और उन्होंने कहा था कि वह वापस आना चाहते हैं और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज से टी20 विश्व कप की तैयारी करेंगे।