टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान का सफर समाप्त हो चुका है। बाबर आजम की टीम सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो गई है। आज टीम ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला आयलैंड के खिलाफ खेलने के लिए उतरेगी। यह मैच फ्लोरिडा में खेला जाएगा। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ ने पाकिस्तान टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आईसीसी को टीम की हार का जिम्मेदार ठहराया है।
अमेरिका ने किया सुपर-8 के लिए क्वालिफाई
दरअसल, अमेरिका और आयरलैंड के बीच फ्लोरिडा में खेला जाने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। अमेरिका को मैच रद्द होने से जहां फायदा हुआ और ग्रुप-ए से भारत के बाद वह सुपर आठ में जगह बनाने वाली दूसरी टीम बन गई। वहीं, इसका सबसे ज्यादा प्रभाव 2009 की चैंपियन टीम पाकिस्तान पर पड़ा जिसका सफर ग्रुप चरण में ही थम गया। पाकिस्तान के लिए यह काफी निराशाजनक है क्योंकि टीम 2022 की उपविजेता रही थी। इतना ही नहीं उसके नाम पुरुष टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार सेमीफाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।
राशिद ने पिच को ठहराया हार का जिम्मेदार
हैरानी की बात यह है कि एक तरफ जहां दुनिया पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके खराब प्रदर्शन के लिए लताड़ लगा रही है, वहीं राशिद लतीफ उनका समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने पिच को इसका जिम्मेदार ठहराया है। विराट कोहली का उदाहरण देते हुए पूर्व कप्तान ने कहा, "आप हर चीज के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को दोषी नहीं ठहरा सकते। उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन पिच की परिस्थितियों ने उनके प्रयासों को बेअसर कर दिया। उन्हें अमेरिका और भारत के खिलाफ दोनों ही मैचों में जीत हासिल करनी चाहिए थी, लेकिन परिस्थितियां उनके नियंत्रण से बाहर थीं। ऐसा हुआ है कि रन बनाना मुश्किल हो गया है। देखिए, विराट कोहली जैसा बल्लेबाज भी रन नहीं बना पा रहा है।"
पाकिस्तान ने गंवाए थे दो मैच
पाकिस्तान की शुरुआत इस टी20 विश्व कप में अच्छी नहीं रही थी और उसे पहले अमेरिका तथा रविवार को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराया था, जबकि भारत ने न्यूयॉर्क में खेले गए रोमांचक मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को छह रन से मात दी थी। पाकिस्तान की टीम 2009 में चैंपियन बनकर उभरी थी, लेकिन तब से वो अब तक कभी इस टूर्नामेंट का खिताब नहीं जीत सकी है। पाकिस्तान की टीम का प्रदर्शन पिछले साल भारत में खेले गए वनडे विश्व कप में भी निराशाजनक रहा था और वह सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी थी और अब टीम टी20 विश्व कप में भी ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी।
लतीफ का बयान
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा, "व्यक्तिगत अर्धशतक बहुत ज्यादा नहीं हैं। किसी भी टीम ने अफगानिस्तान जैसी टीम के खिलाफ अर्धशतक नहीं बनाया है। अगर कोई बल्लेबाज अर्धशतक बनाता है तो टीम ज्यादातर जीत जाती है। ऋषभ पंत ने 42 रन बनाए और भारत ने पाकिस्तान को हराया। विश्व कप के लिए परिस्थितियां आदर्श नहीं हैं। पाकिस्तान की टीम को सुपर ओवर में यूएस ने हराया था और पाकिस्तान से भारत के खिलाफ 120 रनों का लक्ष्य हासिल नहीं हुआ था।"