टी20 विश्व कप 2024 में शुक्रवार को अमेरिका ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल कर बड़ा उलटफेर किया। उनकी इस जीत में भारत के लिए पहले खेल चुके सौरभ नेत्रवलकर ने अहम योगदान दिया। तेज गेंदबाज ने सुपर ओवर में पाकिस्तानी बल्लेबाजों को सिर्फ 13 रन बनाने दिए। उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत अमेरिका ने विश्व कप में दूसरा मुकाबला जीत लिया। अब बाएं हाथ के गेंदबाज ने भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि जब उनकी मुलाकात पूर्व साथियों से होगी वो उनके लिए भावुक पल होगा।
भारत के लिए खेल चुके क्रिकेट
मुंबई में जन्में नेत्रवलकर भारतीय युवा टीम का हिस्सा थे। उन्होंने मयंक अग्रवाल, केएल राहुल और कई अन्य सितारों के साथ भारत की अंडर-19 टीम के लिए खेला। हालांकि, उस अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम प्लेऑफ राउंड से बाहर हो गई थी। अंडर-19 विश्व कप 2010 में सौरभ ने छह मैचों में नौ विकेट लिए थे। 25 रन देकर तीन विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था। कुछ बेहतर पाने के लिए वह अमेरिका शिफ्ट हो गए और तब से अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह अमेरिकी टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।
'बहुत भावुक पल होगा'
अब सौरभ ने भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ियों से मुलाकात पर चर्चा की है। अमेरिका के घातक गेंदबाज ने बताया कि पूर्व साथियों से मुलाकात का पल उनके लिए खास होगा। उन्होंने कहा, "यह सभी के लिए बहुत खास एहसास है।" इसके अलावा तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर भी चर्चा की। उन्होंने आगे कहा, "हमने टूर्नामेंट के लिए कड़ी मेहनत की है... सच कहूं तो, हमने नहीं सोचा था कि हम जीतेंगे। हमने केवल अपना सर्वश्रेष्ठ देने के बारे में सोचा था... मेरे दिमाग में प्रक्रिया को सरल रखना था, मैंने उनकी गेंदबाजी भी देखी थी, इसलिए मैं इसी तरह की योजना के साथ गया था।"
सौरभ नेत्रवलकर का क्रिकेट करियर
सौरभ के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक अमेरिका के लिए 48 वनडे और 29 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वनडे में उनके नाम 78 विकेट और टी20 में 29 विकेट हैं। वनडे में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 32 रन देकर पांच विकेट है, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 12 रन देकर पांच विकेट है। उनके नाम एक फर्स्ट क्लास मैच है, जिसमें उन्होंने तीन विकेट लिए थे। वहीं, 80 लिस्ट-ए मैचों में उन्होंने 117 विकेट लिए हैं। ओवरऑल लीग और अंतरराष्ट्रीय टी20 को मिलाकर उनके नाम 29 मैच हैं, जिसमें उन्होंने 29 विकेट लिए हैं।