स्कॉटलैंड की जर्सी में रेबेका डाउनी
- फोटो : सोशल मीडिया
टी-20 विश्व कप के क्वालीफायर राउंड में स्कॉटलैंड ने बांग्लादेश जैसी मजबूत टीम को हराकर सबको चौंका दिया था। इस साल स्कॉटलैंड की टीम पर्पल रंग की जर्सी में मैदान पर उतरी है। यह जर्सी लोगों को काफी पसंद भी आ रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह जर्सी इस साल टी-20 विश्व कप के सबसे शानदार जर्सी में से एक है। यह जानकर आपको हैरानी होगी कि इस जर्सी को 12 साल की लड़की ने डिजाइन किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने भी इस लड़की धन्यवाद दिया है।
स्कॉटलैंड के शहर हैडिंगटन की रहने वाली 12 वर्षीय रेबेका डाउनी ने यह जर्सी डिजाइन की है। पर्पल कलर की इस जर्सी का डिजाइन काफी सुंदर है। स्कॉटलैंड क्रिकेट ने ट्विटर पर रेबेका का एक फोटो शेयर करते हुए यह जानकारी दी है। रेबेका बांग्लादेश और स्कॉटलैंड का मैच भी देख रही थीं। इसी तस्वीर को क्रिकेट स्कॉटलैंड ने शेयर किया है।
इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा- रेबेका ने पहले मैच को देखा और उन्होंने अपने द्वारा ही डिजाइन की गई जर्सी पहनकर टीम का मनोबल बढ़ाया। हम आपका दोबारा धन्यवाद देते हैं। इसे सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट जगत में काफी पसंद किया जा रहा है।
दरअसल, क्रिकेट स्कॉटलैंड ने 200 स्कूलों में राष्ट्रीय टीम की जर्सी को डिजाइन करने के लिए बच्चों से कहा था। हजारों बच्चों ने अलग-अलग तरह के डिजाइन दिखाए, लेकिन रेबेका के डिजाइन को चुना गया। क्रिकेट फैंस ने भी सोशल मीडिया पर रेबेका के इस हुनर की तारीफ की है। फैंस ने बाकी देशों से भी इस प्रकार की मुहीम शुरू करने की अपील की है।
रेबेका के बारे में जानकर आईसीसी भी हैरान रह गया। उन्होंने इस ट्वीट पर रिएक्ट करते हुए ट्वीट किया और लिखा, 'क्या कमाल का किट है, कमाल का काम किया है रेबेका ने।'
मैच की बात करें तो स्कॉटलैंड ने पहले मैच में जीत हासिल की थी। बांग्लादेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 140 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की स्टार खिलाड़ियों से भरी टीम सिर्फ 134 रन ही बना सकी। इसके बाद स्कॉटलैंड पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ भी जीत दर्ज करने की दहलीज पर खड़ी है। स्कॉटलैंड ने सुपर-12 में पहुंचने का अपना दावा मजबूत कर लिया है।