इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड के मौजूदा सीमित ओवरों के कप्तान इयोन मोर्गन ने उम्मीद जताई है कि वह अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप में इंग्लिश टीम की कप्तानी करेंगे। सुंयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जा रहे टी-20 विश्व कप में पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हारने के बाद उन्होंने यह बयान दिया। गुरुवार को अबू धाबी में खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को पांच विकेट से हराकर फाइनल में दस्तक दी।
अगले टी-20 विश्व कप कप्तानी करने की इच्छा
साल 2019 में इंग्लैंड को 50 ओवर का विश्व कप जिताने वाले और 100 से ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन से पूछा गया क्या वह सेमीफाइनल में हारने के बाद भी टीम की कप्तानी करेंगे? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ऐसी में उम्मीद करता हूं। उन्होंने आगे कहा मैं अब भी इंग्लैंड की कप्तानी करना चाहता हूं, मुझे क्रिकेट से प्यार है और मैं खेलना काफी पसंद करता हूं।
सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने पांच विकेट से हराया
अबू धाबी में खेले गए टी-20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को पांच विकेट से शिकस्त दी। इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 166 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए मोईन अली ने 51 रनों की पारी खेली। उनके अलावा डेविड मलान ने 41 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने जीत के लिए 167 रनों का लक्ष्य 19 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर पूरा कर लिया। कीवी टीम की ओर से डारेल मिशेल ने 72 रनों की नाबाद पारी खेली जबकि, डेवोन कॉन्वे ने 46 रन बनाए।
इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा जेम्स नीशम ने 11 गेंदों पर 27 रनों की आतिशी पारी खेलकर इंग्लैंड के जबड़े से जीत खींच ली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौके समेत तीन गंगनचुंबी छक्के लगाए। हार के बाद कप्तान इयोन मोर्गन ने कहा, मैच में लड़कों ने अपना सौ फीसदी दिया, वे मैदान के बाहर और भीतर बदलाव के मामले में सबसे आगे हैं, हमारे पास गर्व करने के लिए बहुत सी चीजें हैं, मुझे ऐसी टीम का कप्तान होने पर गर्व है