संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जा रहे टी-20 विश्व कप 2021 का पहला सेमीफाइनल आज इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शेख जायद स्टेडियम अबू धाबी में होगा। इस मैच में न्यूजीलैंड की टीम 2019 क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में बाउंड्री के आधार पर मिली हार का बदला लेने उतरेगी। इसके अलावा कीवी टीम साल 2016 टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लिश टीम के खिलाफ मिली हार का हिसाब भी चुकता करने उतरेगी। यह मैच न्यूजीलैंड के केन विलियमसन, टिम साउदी और मार्टिन गुप्टिल के लिए बेहद खास है। यह तीनों खिलाड़ी इस मुकाबले में व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
टिम साउदी के निशाने पर मलिंगा का रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी आज जब इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर गेंदबाजी करने उतरेंगे तो उनके निशाने पर लसिथ मलिंगा का रिकॉर्ड होगा। मलिंगा का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें दो विकेट की दरकार है। श्रीलंका के पूर्व विश्व विजेता कप्तान मलिंगा ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 107 विकेट लिए थे। वहीं टीम साउदी अब तक 106 विकेट अपने नाम दर्ज कर चुके हैं। अगर साउदी मलिंगा का रिकॉर्ड तोड़ देते हैं तो वह टी-20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन जाएंगे। क्रिकेट सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 117 विकेट शाकिब अल हसन ने लिए हैं।
विलियमसन रच सकते हैं यह कीर्तिमान
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले सेमीफाइनल मैच में व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। इस मैच में उनके पास 2000 रन पूरा करने का अवसर है। अगर विलियमसन यह उपलब्धि हासिल करते हैं तो वह न्यूजीलैंड की तरफ 2000 या उससे अधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। फिलहाल टी-20 इंटरनेशनल में विलियमसन के नाम 1931 रन दर्ज हैं और उन्हें दो हजार रन पूरे करने के लिए 69 रनों की दरकार है। उनसे पहले मार्टिन गुप्टिल और ब्रेंडन मैक्कुलम यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
गुप्टिल तोड़ सकते हैं कोहली का रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैं के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल नया इतिहास रच सकते हैं। इस मैच में वह टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए गुप्टिल को 113 रन बनाने की जरूरत है। टीम इंडिया के कप्तान विराट ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा 3227 रन बनाए हैं। जबकि, मार्टिन गुप्टिल के नाम 3115 रन दर्ज हैं।