बीसीसीआई ने टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया रवानगी से पहले की एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें सभी खिलाड़ी ब्लेजर में नजर आ रहे हैं। कोच राहुल द्रविड़ भी सभी स्टाफ के साथ ऑस्ट्रेलिया रवाना हो चुके हैं। भारतीय टीम का पूरा दारोमदार इस बार कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और दिनेश कार्तिक जैसे सीनियर खिलाड़ियों पर होगा। रोहित, विराट और दिनेश का यह आखिरी टी20 वर्ल्ड कप भी हो सकता है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें सूर्यकुमार यादव तैयार होते दिख रहे हैं। यह वीडियो टीम इंडिया के रवाना होने से पहले का है। इस वीडियो में सूर्यकुमार को उनकी पत्नी देविशा शेट्टी तैयार कर रही हैं और उन्हें टीम इंडिया का ब्लेजर पहनाती हैं। इस वीडियो में सूर्यकुमार यादव सूर्यकुमार पत्नी देविशा के अलावा माता-पिता और बहन के साथ भी नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। कुछ फैन्स ने तो इसे सबसे खूबसूरत वीडियो बताया है।
सूर्यकुमार फिलहाल शानदार फॉर्म में हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में दुनिया के दूसरे नंबर के बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने कई शानदार पारियां खेली थीं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 में सूर्यकुमार ने 24 रन बनाते ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1000 रन भी पूरे कर लिए। सूर्यकुमार ने 32 मैचों की 31 पारियों में हजार रन पूरे किए। वह भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में हजार रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। विराट कोहली ने 27 पारियों में और केएल राहुल ने 29 पारियों में हजार रन पूरे किए थे।
सूर्यकुमार हजार रन पूरे करने के साथ ही कोहली, रोहित, महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह, शिखर धवन और सुरेश रैना के क्लब में शामिल हो गए। साथ ही सूर्यकुमार टी20 अंतरराष्ट्रीय में गेंद के मामले में सबसे तेज हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। सूर्यकुमार ने कुल 573 गेंद खेलकर 174 के स्ट्राइक रेट से हजार रन पूरे किए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर ग्लेन मैक्सवेल हैं। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में हजार रन पूरे करने के लिए कुल 604 गेंदें खेली थीं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 166 का रहा था। तीसरे नंबर पर 635 गेंद के साथ न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो हैं।
सूर्यकुमार के नाम एक कैलेंडर में सबसे ज्यादा रन
सूर्यकुमार ने साल 2022 में अब तक 22 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 793 रन बनाए हैं। वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। अब सूर्यकुमार की नजर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम के रिकॉर्ड पर भी है। एक कैलेंडर ईयर में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रिजवान के नाम है। रिजवान ने साल 2021 में 29 मैचों में 1326 रन बनाए थे। वहीं, बाबर ने 2021 में 29 मैचों में 939 रन बनाए थे। इसके बाद सूर्यकुमार का नंबर आता है।