सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश को हराकर केरल क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है। विकेटकीपर बैटर मोहम्मद अजहरूद्दीन (60) और कप्तान संजू सैमसन (52*) के अर्द्धशतकों और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 98 रन की साझेदारी की बदौलत केरल ने जीत हासिल की। अब केरल का सामना गुरुवार को तमिलनाडु से होगा।
केरल ने 146 रन के लक्ष्य को तीन गेंद शेष रहते दो विकेट पर 147 रन बनाकर हासिल कर लिया। अजहरूद्दीन और संजू के अलावा ओपनर रोहन कुन्नुम ने 22 रन का योगदान दिया। हिमाचल ओपनर राघव धवन (65) और प्रशांत चोपड़ा (36) की पारियों के बावजूद छह विकेट पर 145 रन ही बना सका। केरल की ओर से सुदेशन मिथुन ने दो, जबकि उन्निकृष्णन मनुकृष्णन, बासिल थंपी, जलज सक्सेना और संजीवन अखिल ने एक-एक विकेट चटकाया।
महाराष्ट्र पर जीत से विदर्भ भी अंतिम-8 में
विदर्भ ने भी महाराष्ट्र को सात विकेट से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले गए मैच में विदर्भ ने राहुल त्रिपाठी (66) के अर्द्धशतक के बावजूद महाराष्ट्र को आठ विकेट पर 157 रन ही बनाने दिए। इसके बाद अथर्व ताइडे (56) और कप्तान अक्षय वाडकर (58*) की अर्द्धशतीय पारियों से 13 गेंद शेष रहते हुए तीन विकेट पर 160 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर दिया।
ताइडे और वाडकर ने दूसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। बाद में जितेश शर्मा ने सात गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए जिसमें लगातार गेंदों पर लगाए गए तीन छक्के शामिल हैं। प्लेट ग्रुप से आगे बढ़ने वाला विदर्भ 18 नवंबर को राजस्थान का सामना करेगा।