मनीष पांडेय ने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर शानदार रन आउट करने के बाद सुपर ओवर में छक्का लगाकर गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में बंगाल के खिलाफ कर्नाटक को रोमांचक जीत दिलाई।
कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 160 रन बनाए। बंगाल की टीम भी 20 ओवर में आठ विकेट पर 160 रन ही बना सकी। सुपर ओवर में बंगाल की टीम ने चार गेंद में पांच रन पर दोनों विकेट गंवा दिए। कर्नाटक ने मनीष के छक्के से सुपर ओवर में चार गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।
इससे पहले बंगाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कर्नाटक ने रोहन कदम (30 रन), पांडेय (29 रन) और करुण नायर (नाबाद 55) की मदद से चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। बंगाल के लिए श्रीवत्स गोस्वामी (22 रन) और ऋ तिक चटर्जी (51) ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। बंगाल को आखिरी ओवर में जीत के लिए 20 रन की जरूरत थी।
ऋतिक रॉय चौधरी (36*) ने विद्याधर पाटिल की शुरुआती दो गेंदों पर छक्का जड़ने के बाद एक रन लेकर आकाश दीप (तीन गेंद में छह रन) को स्ट्राइक दी। आकाश दीप ने पहले चौका और फिर दो रन लेकर स्कोर बराबर कर दिया। आखिरी गेंद पर बंगाल को एक रन की जरूरत थी लेकिन दूसरे छोर पर मनीष के सटीक थ्रो पर वह रन आउट हो गए।
तमिलनाडु की केरल पर जीत
नई दिल्ली। तमिलनाडु ने केरल को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बी साई सुदर्शन (46 रन), कप्तान विजय शंकर (33 रन) और आर संजय यादव (32 रन) की पारियों की मदद से गत चैंपियन तमिलनाडु ने 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.3 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाकर जीत दर्ज की।
इससे पहले केरल ने विष्णु विनोद की 26 गेंद में सात छक्कों और दो चौकों की बदौलत 65 रन की पारी से चार विकेट पर 181 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज रोहन कुन्नुमल ने भी 51 रन का योगदान दिया।
पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण पाकर उतरे केरल ने मोहम्मद अजहरुद्दीन (15) का विकेट जल्द गंवा दिया। सचिन बेबी (33 रन) और रोहन ने दूसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। बाएं हाथ के स्पिनर संजय यादव (2/23) ने रोहन को स्टंप करा दिया। कप्तान संजू सैमसन खाता खोले बिना यादव का दूसरा शिकार बने। विष्णु विनोद ने सिर्फ 22 गेंद में अद्धशतक पूरा किया। विष्णु ने 18वें ओवर में तीन छक्कों के साथ 23 रन जुटाए।
केरल की टीम अंतिम तीन ओवर में 62 रन जोड़ने में सफल रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए तमिलनाडु ने 58 रन पर दो विकेट खो दिए थे। साई सुदर्शन (46)और विजय शंकर(33) ने तेजी से 57 रन जोड़कर तमिलनाडु को वापसी दिलाई।
संजय यादव ने 32 रन की पारी खेली हालांकि संजय उस समय आउट हो गए जब टीम को जीत के लिए चार रन की दरकार थी। शाहरुख खान ने नाबाद 19 रन बनाए। एम मोहम्मद ने आसिफ पर छक्का जड़कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
विदर्भ ने राजस्थान को 9 विकेट से हराया
विदर्भ ने राजस्थान को नौ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बन्राई। विदर्भ ने राजस्थान को आठ विकेट पर 84 रन पर रोक दिया और फिर ओपनर अथर्व ताइडे की नाबाद 40 रन की बदौलत 5.1 ओवर शेष रहते जीत दर्ज की। विदर्भ ने 14.5 ओवर में एक विकेट पर 87 रन बनाए।
विदर्भ के लिए अथर्व और गणेश सतीश (28) ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। सतीश 11वें ओवर में पवेलियन लौटे जिसके बाद अथर्व ने कप्तान अक्षय वाडकर (नाबाद 11) के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
हैदराबाद की गुजरात पर जीत
तिलक वर्मा की 75 रन की पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की मदद से हैदराबाद ने गुजरात को 30 रन से हरा दिया । हैदराबाद ने पांच विकेट पर 158 रन बनाए। इसके बाद विरोधी टीम को आठ विकेट पर 128 रन पर रोक दिया। वर्मा ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए।
उनके अलावा कप्तान तन्मय अग्रवाल (31), हिमालय अग्रवाल (23) और बुधी राहुल (नाबाद 25) ने भी उपयोगी पारियां खेली। गुजरात ने 33 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। हेत पटेल (25) और पीयूष चावला (25) और रिपल पटेल ने 24 गेंद में 35 रन बनाए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।