उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को गुजरात को छह विकेट से हराकर सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और मोहसिन खान की शानदार गेंदबाजी के बाद नीतीश राणा के नाबाद तेजतर्रार अर्धशतक की मदद से उत्तर प्रदेश को जीत मिली। उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों ने गुजरात को 20 ओवर में आठ विकेट पर 127 रन ही बनाने दिए। लक्ष्य के जवाब में उत्तर प्रदेश ने आठ गेंद शेष रहते चार विकेट पर 130 रन बनाकर जीत दर्ज की।
गुजरात की टीम से केवल सौरव चौहान (32 रन, 21 गेंद) ही संघर्ष कर पाए। भुवनेश्वर कुमार ने 21 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं, मोहसिन ने 13 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। नीतीश राणा, जसमेर और कार्तिक त्यागी को एक-एक विकेट मिला।
नीतीश राणा अपनी पारी के दौरान कभी भी दबाव में नहीं दिखे और 49 गेंदों में नाबाद 71 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में सात चौके और दो छक्के जड़े। लगभग एक साल से ज्यादा भारतीय टीम से बाहर चल रहे भुवनेश्वर ने अपनी सीम और स्विंग गेंदबाजी से गुजरात के बल्लेबाजों को परेशान किया जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान की पेस और बाउंस से बल्लेबाजों को खेलने में समस्या हुई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश की शुरुआत खराब रही। उसने चार ओवर के अंदर दो विकेट 22 रन पर ही गंवा दिए। लेकिन राणा के साथ समीर रिजवी (30 रन, 39 गेंद) ने तीसरे विकेट के लिए 81 रन की उपयोगी साझेदारी करके टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। राणा ने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए।