फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुशील दोशी की कलम से: भारत अगर जीत की आदत लत में बदले तो और बेहतर, विश्व चैंपियन बनना है तो सभी को हराना होगा

सार

दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को हरा दिया है। इस हार के साथ कीवी टीम पर सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। इतना ही नहीं पाकिस्तान टीम की उम्मीदें भी जग गई हैं। दक्षिण अफ्रीका-न्यूजीलैंड मैच और आज होने वाले भारत-श्रीलंका मैच को लेकर मशहूर कमेंटेटर सुशील दोशी ने अपनी राय रखी है। आइए जानते हैं...
विज्ञापन
सुशील दोशी की कलम से - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नमस्कार! मैं सुशील दोशी एक बार फिर से आपका स्वागत करता हूं। विश्व कप के मुकाबले बेहतर होने की उम्मीद हो रही थी और लग रहा था कि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका का जो मुकाबला होगा, वह महामुकाबला होगा, लेकिन क्रिकेट में हमेशा वैसा होता नहीं है जैसा कि आप सोचते हैं। कई बार पटकथा आप लिखते हैं, लेकिन रोल कोई और टीम अदा कर जाती है। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका का जो मुकाबला हुआ, वो इसी तरह का मुकाबला हुआ। लग रहा था कि बहुत बड़ा मुकाबला होगा, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने जिस तरह से न्यूजीलैंड को हरा दिया, उसने सभी को अचंभित कर दिया।
विज्ञापन


इसमें दो बातें सामने आईं। एक तो दक्षिण अफ्रीका का जो ऑलराउंड प्रदर्शन है, चाहे वह बल्लेबाजी हो, या गेंदबाजी हो या फील्डिंग हो, उसने सभी को प्रभावित किया है। लग रहा है कि वह इस खिताब के एक बड़े दावेदार हैं और भारत के लिए भी चुनौती प्रस्तुत कर सकते हैं। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड के साथ तमाम समस्याएं इकट्ठी हो गई हैं। उनका सेमीफाइनल में पहुंचना अब संदिग्ध हो गया है, क्योंकि अब वह तीन मुकाबले हार चुके हैं।

न्यूजीलैंड को भारत, ऑस्ट्रेलिया और अब दक्षिण अफ्रीका ने हरा दिया है। अब एक बार फिर से लगने लगा है कि विलियम्सन चोट के बाद से जबसे बाहर हुए उनकी टीम पतन की तरफ बढ़ रही है। कई खिलाड़ी उनके घायल भी हो गए। अब उनके लिए बड़ी समस्या इकट्ठी हो गई है। हमने देखा कि नीशम भी घायल हो गए थे। मैट हेनरी को भी घायल होकर बाहर होना पड़ा और विलियम्सन तो पहले ही घायल पड़े हैं। न्यूजीलैंड के ओपनिंग बैटर डेवोन कॉन्वे जो बड़े ओपनर हैं, वह फॉर्म में नहीं चल रहे। ये भी उनके लिए एक बड़ी समस्या पैदा हो गई।
विज्ञापन


डेरिल मिचेल के ऊपर काफी हद तक न्यूजीलैंड की टीम निर्भर है जो लगातार अच्छा खेल रहे थे, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। ये भी एक न्यूजीलैंड के लिए एक कारण बना। मैं समझता हूं कि कुल मिलाकर न्यूजीलैंड की टीम अब थोड़ी सी कमजोर नजर आने लगी है, क्योंकि तमाम समस्याओं से यह टीम जूझ रही है। न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए संघर्ष करती दिख रही है। वहीं, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका जैसी टीमें, उन्हें चुनौती देने की कोशिश कर रही हैं।

जो टीमें अब निश्चित लग रहा है कि सेमीफाइनल में पहुंच रही हैं- एक तो भारतीय टीम है लग रहा है कि बिल्कुल सेमीफाइनल में पहुंच ही गई है। दक्षिण अफ्रीका ने भी अपनी स्थिति बिल्कुल ताकतवर कर ली है, वह भी पहुंच जाएगा। तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा इस समय भारी दिख रहा है और वह तीसरा स्थान ग्रहण कर सकता है। चौथे स्थान के लिए न्यूजीलैंड को संघर्ष करना पड़ सकता है। पाकिस्तान एक बार फिर से थोड़ी चुनौती के साथ प्रस्तुत हुआ है। तो यह देखना है कि आगे क्या होता है। 

आज जो मुकाबला है भारत और श्रीलंका के बीच, यह बहुत ही महत्वपूर्ण मुकाबला है। देखिए आप जीत की रहा पर हैं। आपकी लय कायम है। भारत को चाहिए कि ढिलाई न बरते और इस मैच को एक गंभीर मैच की तरह ले और जीत हासिल करे। मैं हमेशा कहा करता हूं कि जीत की भी एक आदत होती है। ये आदत जीत की अगर लत में बदल जाए तो और भी बेहतर है। तो जीत का सिलसिला भारत को कायम रखना चाहिए। अपने कमजोरियों को ढकने की कोशिश करनी चाहिए।

अपने खिलाड़ियों पर विश्वास जताना चाहिए। ये टीम अभी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। शमी को खिलाया जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने दिखाया कि हर तरह की परिस्थितियों में वह विकेट लेने के लिए विख्यात हैं और विकेट भी वह एकसाथ झुंड में लेते हैं। ये उनकी विशेषता है। जसप्रीत बुमराह को भी उनके साथ गेंदबाजी करने में मजा आता है। सिराज के साथ जो भारत की पेस तिकड़ी है वह अद्भुत है। मैं समझता हूं कि भारतीय टीम का जो संतुलन है, वह जबरदस्त है।

बल्लेबाजी ताबड़तोड़ चल रही है। तो कुल मिलाकर भारत की चुनौती सबसे सशक्त लगती है, लेकिन फिर भी किसी भी बात को आसानी से नहीं लेना है। गंभीरता लगातार बनाए रखनी है। विश्व कप के मुकाबले हैं, चुनौती बड़ी है, चुनौती कड़ी है, लेकिन फिर भी इस चुनौती से निपटना जरूरी है, क्योंकि अगर आप विश्व चैंपियन बनना चाहते हैं तो आपको सभी को परास्त करना पड़ेगा। धन्यवाद।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें