गावस्कर ने अपने टेस्ट करियर में कई उपलब्धियों को हासिल किया। उन्होंने अपनी पहली ही सीरीज में चार शतक और एक दोहरे शतक के साथ 774 रन बनाए। वे टेस्ट सीरीज में दो बार 700 से ज्यादा रन बनाने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज हैं और दिलचस्प यह है कि दोनों ही बार उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ ही यह कारनामा किया।
वे दोनों पारियों में तीन बार शतक जड़ने वाले भारत के इकलौते बल्लेबाज हैं। यही नहीं गावस्कर टेस्ट क्रिकेट की पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी पारी में 200+ रन बनाने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं।
लिटिल मास्टर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान 47 टेस्ट और 37 वनडे मुकाबलों में भारतीय टीम को कमान भी संभाली। वे 1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे।
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले सचिन तेंदुलकर ने उन्हें बधाई दी और ट्वीट कर लिखा, 'मेरे आदर्श को समर्पित, आप मेरे हीरो हैं और हमेशा रहेंगे। आपने हमें गर्वान्वित किया है।
भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने ट्वीट कर लिखा, 'सनी सर के 50 वर्ष, बधाई सर, पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद।'
पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने भी उन्हें अपना हीरो बताते हुए लिखा, 'मेरे हीरो, हमारे हीरो। सनी भाई के डेब्यू के 50 साल. भारतीय क्रिकेट के असली सुपरस्टार। तब से अब तक और हमेशा के लिए।'