भले ही क्रिकेट के 'भगवान' सचिन तेंदुलकर ने खेल से संन्यास ले लिया हो लेकिन उनका एक भक्त जिंदगी भर उनकी पूजा करता रहेगा।
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के सबसे बड़े प्रशंसक माने जाने वाले सुधीर चौधरी ने कहा कि वह पूरी जिंदगी मास्टर ब्लास्टर की पूजा करते रहेंगे और अब मैदान पर टीम इंडिया का हौसला बढ़ाते हुए नजर आएंगे।
तेंदुलकर ने पिछले हफ्ते वेस्ट इंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के बाद क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
टीम इंडिया के प्रत्येक मैच में पूरे शरीर को तिरंगे के रंग में रंगकर और सीने पर तेंदुलकर तथा 10 लिखवाकर मैदान पर नजर आने वाले 32 वर्षीय सुधीर ने कहा, "मैं अपने जिंदगी सचिन सर को समर्पित कर दी है।"
उन्होंने कहा, "मैं प्रत्येक घरेलू मैच में तिरंगा लहराकर टीम इंडिया की हौसलाअफजाई करता रहूंगा। अब मेरी पीठ पर मिस यू सचिन 10 लिखा रहेगा।"
सुधीर ने कहा कि जब सचिन आखिरी बार ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़ रहे थे तो वह खुद को रोने से नहीं रोक सके।
साथ ही सुधीर ने कहा कि सचिन ने उनसे अगले दिन प्रेस काफ्रेंस में आने के लिए कहा था लेकिन वहां बहुत ज्यादा भीड़ होने के कारण मैं उनसे नहीं मिल सका।
(फोटोः 2011 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद तेंदुलकर ने ट्रॉफी कुछ देर के लिए सुधीर गौतम को सौंप दी थी।)
ब्लैक भी मास्टर के प्रशंसक
मास्टर ब्लास्टर के प्रशंसक सिर्फ क्रिकेट जगत के दिग्गज ही नहीं हैं बल्कि अन्य खेलों के धुरंधर खिलाड़ी भी इस महान बल्लेबाज के चाहनेवाले हैं।
लंदन ओलंपिक में दो रजक पदक जीतने वाले जमैका के 23 वर्षीय फर्राटा धावक योहान ब्लैक भी उन्हीं में से एक हैं।
ब्लैक ने तेंदुलकर को बचपन से अपना हीरो बताते हुए कहा कि उनकी विनम्रता ने दुनियाभर के लोगों पर अपनी छाप छोड़ी है। साथ ही ब्लैक ने कहा कि सचिन ने अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ी है जिसका सभी को अनुसरण करना चाहिए। इस बीच, ब्लैक ने अपने दिल की इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनका सपना इस महान बल्लेबाज को गेंदबाजी करने की है।
ब्लैक ने कहा, "मुझे याद है कि जब पहली बार मुझे सचिन से बात करने का मौका मिला तो मैंने कहा कि मैं आपको बॉल फेंकना चाहता हूं। सचिन सचमुच मेरे बचपन के हीरो में से एक हैं और यह मेरे लिए सम्मान की बात है। जब उन्होंने अपने संन्यास की घोषणा की तो मैंने दुखी होते हुए खुद से कहा कि अच्छी चीजें अपने अंत के करीब हैं।"