श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा मिले दो टी20 मैच खेलने के निमंत्रण को ठुकरा दिया है। पीसीबी ने एसएलसी को इस साल अक्टूबर में लाहौर में दो टी20 मैच खेलने का निमंत्रण भेजा था।
पीसीबी के चेयरमैन शहरयार खान ने पुष्टि की है कि लाहौर में इस सप्ताह सुसाइड बम अटैक के बाद श्रीलंकाई अधिकारियों ने टी20 मैचों के लिए अपनी टीम भेजने से इंकार कर दिया है।
शहरयार खान ने कहा, 'मैंने आईसीसी बैठक के दौरान श्रीलंका क्रिकेट के अधिकारी से बात की थी और उन्हें लाहौर में टी20 मैच खेलने के लिए आमंत्रित किया था। इसके अलावा सीरीज के अन्य मैच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेले जाने थे।' उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई क्रिकेट के अधिकारियों ने सरकार से मंजूरी लेने का भरोसा दिलाया था।
खान ने आगे कहा, 'मुझे श्रीलंका के टीम नहीं भेजने के फैसले पर थोड़ी हैरानी हुई क्योंकि विश्व में सभी जगह आतंकी हमले हो रहे हैं, लेकिन स्पोर्ट्स इवेंट्स जारी हैं। ये सही नहीं है कि सुरक्षा कारणों से सिर्फ पाकिस्तान को ही अलग किया जाए।'